पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जेल में बंदियों की गुटबाजी, हमले में एक जख्मी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। अजमेर सेंट्रल जेल में बंद कुख्यात अपराधियों के बीच गुटबाजी के चलते शुक्रवार को एक बंदी पर जानलेवा हमला किया गया। मटकी में पानी पहले भरने के मामूली विवाद में तीन-चार बंदियों ने एक बंदी के सिर पर मटकी फोड़ दी और पत्थर से सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया।
गंभीर हालत में घायल बंदी को जेल अस्पताल से जेएलएन अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया, जबकि हमलावर के भी चोटें आई हैं, उसे जेल अस्पताल में भर्ती किया गया है। गंभीर घायल बंदी के परिजनों ने जेल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। जेल में घटना के दौरान सुरक्षा कर्मियों की सजगता से बंदियों के गुट नहीं भिड़ सके।
सुबह दस बजे हुई घटना
सेंट्रल जेल में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे सभी वार्डो के बंदी अपने-अपने वार्ड की मटकियां भरने के लिए नल पर लाइन लगाए हुए थे। तभी बंदी भगवान गंज सांसी बस्ती अजमेर निवासी नरेश सांसी ने मटकी पहले भरने की जिद करते हुए बंदी अरविंद को पानी भरने से रोक दिया। इस पर दोनों के बीच तकरार के बाद हाथापाई हो गई। नरेश सांसी ने लात-घूसों से अरविंद की पिटाई कर दी।
अरविंद ने मौके पर ही पड़ा पत्थर उठाकर नरेश के सिर पर दे मारा। अरविंद के साथियों ने नरेश के सिर पर मटकी भी फोड़ दी। सिर में पत्थर के वार से नरेश लहूलुहान हो गया। इस बीच जेल के सुरक्षा प्रहरी और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंच गया। दोनों बंदियों को काबू किया गया। जेल अस्पताल में नरेश सांसी और अरविंद का उपचार किया गया। सिर में घातक चोट के कारण नरेश को बेहोशी की हालत में जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसके सिर में 15 टांके लगाए और सिटी स्केन कराने के बाद उसे भर्ती किया गया। दूसरी ओर हमलावर अरविंद के भी शरीर में कई चोटें आई है। उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नरेश के बयान के आधार पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवराज गुट का है हमलावर
जानलेवा हमले में घायल बंदी नरेश सांसी ने जेएलएन अस्पताल में उपचार के दौरान बताया कि पानी भरने के दौरान बंदी अरविंद और उसके साथियों ने हमला किया था। आरोपी अरविंद कोटा के कुख्यात अपराधी शिवराज गुट के लोग हैं। कुख्यात गैंगस्टर भानू प्रताप हत्याकांड के आरोपी इस गुट में शामिल है। जेल में बंदी अन्य बंदियों को परेशान करते हैं।
नरेश का भी है जेल में गुट
जेल अधीक्षक शंकरलाल ओझा ने घटना के बारे में बताया कि पानी पहले भरने के विवाद में बंदी नरेश सांसी और अरविंद के बीच हाथापाई हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे पर हमला किया। अरविंद ने पत्थर से वार कर नरेश को जख्मी कर दिया, जबकि अरविंद भी चोटिल हुआ है। दोनों बंदियों के गुटों के लोग एकत्र होते इससे पहले ही जेल प्रहरियों ने स्थिति संभाल ली थी। घायल नरेश सांसी पर चोरी, डकैती और शराब तस्करी के कई मामले विचाराधीन है। जेल में उसने भी बंदियों का गुट बना रखा है।
घायल बंदी के परिजन व समाज के लोगों में आक्रोश
जेल में भगवान गंज सांसी बस्ती निवासी नरेश सांसी पर जानलेवा हमले की घटना को लेकर उसके परिजन और समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पचास से ज्यादा लोग जेएलएन अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया। नरेश के परिजनों ने आरोप लगाया कि जेल में बंदियों की सुरक्षा के इंतजाम पर्याप्त नहीं है। जेल में नरेश की जान को खतरा है।
पाक बंदी को लेकर भी फैला था तनाव
पिछले दिनों पाकिस्तान जेल में बंदी सरबजीत की हत्या के मामले के बाद अजमेर सेंट्रल जेल में पाक बंदी रमजान को लेकर जेल में तनाव की स्थिति बन गई थी। रमजान के खिलाफ जेल के बंदियों का एक गुट लामबंद हो गया था। जेल प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए रमजान को जयपुर जेल शिफ्ट कर दिया था।