अजमेर। राजीव गांधी डिजिटल लेपटॉप योजना के अंतर्गत कक्षा आठ में एक रेंक पर एक से अधिक विद्यार्थी होने की सूरत में सभी को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसको लेकर चल रहा असमंजस अब समाप्त हो गया है। सरकार के नए आदेशों के तहत अब प्रथम रेंक पर एक से अधिक विद्यार्थी है तो उन सभी को लेपटॉप दिए जाएंगे। इसी प्रकार द्वितीय रेंक से ग्यारहवीं रेंक तक आने वाले सभी विद्यार्थियों को टेबलेट-पीसी के लिए 6-6 हजार के चेक मिलेंगे।
माध्यमिक शिक्षा के अति. जिला शिक्षा अधिकारी भागचंद मंडरावलिया ने बताया कि अब तक कक्षा 8 में प्रथम रेंक के विद्यार्थी को लेपटॉप व दूसरी रेंक से ग्यारहवीं रेंक तक 10 विद्यार्थियों को 6-6 हजार रुपए के चेक देने थे। ऐसे में यह माना जा रहा था कि एक स्कूल में 11 विद्यार्थियों को ही प्रोत्साहित किया जाना था। एक रेंक पर एक से अधिक विद्यार्थी आने की सूरत में इस बात को लेकर असमंजस बना हुआ था कि क्या सभी को लाभान्वित किया जाएगा या फिर केवल 11 विद्यार्थियों को ही लाभान्वित किया जाएगा? लेकिन सरकार ने स्थिति साफ कर दी है और अब विद्यालय में यदि एक से अधिक प्रथम रेंक प्राप्तकर्ता विद्यार्थी हैं तो उन सभी को लेपटॉप दिए जाएंगे।
अजमेर में कल, ग्रामीण क्षेत्रों में 14 मई को मिलेंगे चेक : अजमेर शहर के विद्यालयों के चेक 12 मई को जिशिअ (मा-प्र)अजमेर कार्यालय से प्रात: 10 से 1 बजे तक प्राप्त किये जा सकते हैं । शेष ब्लॉकों में संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वारा वांछित राशि छ: हजार प्रति विद्यार्थी की गणना अनुसार संबंधित विद्यालय के एमडीएम खाते में जमा करवा दिए गए हैं। 14 मई को चेक व मुख्यमंत्री को बधाई पत्र प्रत्येक विद्यालय में जनप्रतिनिधियों व अभिभावकों की उपस्थिति में समारोह आयोजित कर वितरण किए जाएंगे।
कोताही बरती तो होगी कार्रवाई
राजीव गांधी डिजिटल लेपटॉप योजना में लेपटॉप व चेक वितरण व्यवस्थाओं के लिए अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भाग चन्द मंडरावलिया को प्रभारी एवं मॉनीटरिंग अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि समय पर चेक वितरण नहीं करने वाले संस्था प्रधानों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।