पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

एक साल तीन बैंक खातों में जमा कर दिए सात करोड 62 लाख रुपए

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व फाइनेंस एडवाइजर नरेंद्र तंवर के कई बैंकों में खाते थे। जयपुर और अजमेर के इन बैंक खातों में महज एक साल के भीतर इतनी रकम जमा हुई जितनी उद्योगपतियों के खातों मे भी नहीं होती होगी। एसीबी ने जिन तीन बैंक खातों का हवाला दिया है जिसमें एक साल की अवधि में 7 करोड़ 61 लाख 84 हजार 430 रुपए जमा हुए हैं।
खाता नंबर एक : एसबीबीजे
1996 में लेखा सेवा में चयनित होकर विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए 2010 में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में एफए तैनात हुए नरेंद्र तंवर के जयपुर सचिवालय स्थित एसबीबीजे के बैंक अकाउंट का बैलेंस 17 जून 13 को 1738 रुपए 47 पैसे था। इस खाते में मार्च 2012 से रुपए की बरसात होने लगी। सबसे पहले 2 मार्च 12 को 35 लाख 55 हजार रुपए जमा हुए। इसके बाद 27 मार्च को 36 लाख 50 हजार, 31 मई को 78 लाख, 25 सितंबर को 47 लाख, 19 अक्टूबर को 35 लाख के अलावा कई बार लाखों रुपए जमा किए गए। इसमें से बड़ी रक में निकाली भी गई थी। 17 जनवरी 13 को इस खाते का बैलेंस 85 लाख 50 हजार रुपए था।
खाता नंबर दो : ओबीसी
तंवर ने 15 नवंबर 2011 को वैशाली नगर के ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में एक हजार रुपए से खाता खुलवाया था। दूसरे ही दिन इसमें 30 लाख रुपए जमा हुए। 24 नवंबर 11 को 55 लाख 71 हजार 308 रुपए, 4 फरवरी 12 को 20 लाख, 1 जून 12 को 50 लाख, 11 जुलाई 12 को 20 लाख, 25 अगस्त 12 को 37 लाख 94 हजार 613, 30 अक्टूबर और 24 दिसंबर को 40-40 लाख रुपए के अलावा कई बार मोटी रकम जमा हुई। 14 मार्च 13 को तंवर के इस बैंक खाते का बैलेंस 49 लाख 7 हजार 935 था।
खाता नंबर तीन : पीएनबी
नगरा शाखा स्थित पीएनबी में तंवर के खाते में 27 अगस्त 12 को 20 लाख जमा थे। वहीं 1 दिसंबर 12 को 10 लाख और 21 जनवरी 13 को 9 लाख 41 हजार रुपए जमा हुए।
दस लाख की विलासिता की चीजें
एसीबी ने तंवर के पंचशील स्थित मकान पर मारे छापे में ऐश आराम की जो चीजें बरामद की है। उनकी अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपए बताई जाती है। इसके अलावा उसके पास दो कार और बाइक तथा स्कूटर भी थे। कुल मिलाकर तंवर के पास एसीबी ने 15 मार्च 13 को गिरफ्तारी के समय तक 7 करोड़ 61 लाख 84 हजार 430 रुपए की संपत्ति और राशि पाई थी।