अजमेर। आनासागर झील में तैरते बोरे में बंद मिली प्रेमबाई की हत्या का बुधवार को खुलासा कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हत्या मुंह में कपड़ा ठूंसकर की गई है। हत्या करने की वजह फिलहाल अस्पष्ट है लेकिन पुलिस ने प्रारंभिक जांच में चांदी के दो कड़े और सोने के लॉकेट के लालच में आकर हत्या करना माना है। प्रेम बाई की हत्या कहां की गई इस बारे में तफ्तीश जारी है।
गंज थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर एसपी ने इस सनसनीखेज हत्या के 24 घंटे में हुए खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना कर पुरस्कृ़त करने की घोषणा की है। पुलिस के मुताबिक फॉयसागर रोड स्थित काली का मंदिर के निकट रहने वाले श्रवण गुर्जर (60) पुत्र देवीलाल और भीलवाड़ा स्थित नसाड़िया बनेड़ा निवासी हाल महावीर कॉलोनी में बतौर किराएदार रहने वाले शिवा उर्फ सुखदेव गुर्जर (27) पुत्र मेवाराम को इस मामले में गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि श्रवण पुष्कर रोड पर गाय-भैसों के बाड़ा संभालता था।
यहां प्रेम बाई का लंबे समय से आना जाना था। यहीं उसकी पहचान श्रवण के परिचित शिवा गुर्जर से हुई। प्रेमबाई की 1 मई को शिवा से मोबाइल पर करीब 10 बार बातचीत होना सामने आया है। इसी दिन वह श्रवण के बाड़े में गई थी। उसने पैरों में चांदी के कड़े और गले में सोने का लॉकेट पहन रखा था।
श्रवण के बाड़े से वह कहां गई इस बारे में कुछ स्पष्ट नहीं हो सका। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि श्रवण और शिवा के साथ एक अन्य युवक ने मिलकर जेवरातों के लालच में आकर प्रेमबाई की हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। तीसरे आरोपी के नाम का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
आगे की स्लाइड्स में जानें पूरा मामला