पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जायरीन पर पुलिस ने बरसायी लाठियां, जवाब में प्रदर्शनकारियों ने किया पथराव

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। पुष्कर रोड विश्राम स्थली की तरफ जा रहे वाहनों को रोकने से गुस्साए जायरीन ने शनिवार शाम को रास्ता जाम कर दिया। इससे करीब पौन घंटे तक ट्रैफिक बाधित रहा। गुस्साए जायरीन ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एएसपी राजीव पचार ने जायरीन को समझाने की कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारियों ने हटने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने लाठियां बरसाकर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। जवाब में जायरीन ने भी पुलिस पर पथराव किया। अंत में पुलिस अफसरों ने जायरीन से बात कर प्राइवेट बस स्टैंड पर ठहरने के लिए सहमत कर लिया। बीकानेर, कोलायत रूट के जायरीन के आठ वाहन अजमेर पहुंचे थे। इन वाहनों को पुष्कर रोड स्थित बस स्टैंड पर ठहरना था।
उनका कहना था इसके लिए कुछ लोगों ने 15 हजार रुपए भी लिए थे, इसके बावजूद ठहरने की व्यवस्था नहीं की। इस वजह से जायरीन वाहन को विश्राम स्थली की तरफ ले जा रहे थे। यहां पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों और जायरीन के बीच तकरार हो गई।
गुस्साए जायरीन ने रास्ता जाम कर दिया। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। जायरीन समझाइश पर नहीं माने तो पुलिस ने लाठियां बरसा खदेड़ दिया। इनमें से कुछ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस को बचाव में पीछे हटना पड़ा। बाद में पुलिस अफसरों ने जायरीन को प्राइवेट बस स्टैंड पर ठहरने के लिए राजी कर लिया।
इनका कहना है
॥बस स्टैंड पर ठहरने की व्यवस्था नहीं होने के कारण जायरीन पुष्कर रोड विश्राम स्थली की तरफ वाहन ले जाने की जिद कर रहे थे। पुलिस कर्मियों ने वाहन रोक दिए थे। जिला प्रशासन के निर्णय के मुताबिक विश्राम स्थली में पानी भरा होने के कारण यहां जायरीन के ठहरने पर पाबंदी है। रास्ता जाम कर रहे जायरीन को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वे रास्ता खोलने के लिए तैयार नहीं हुए, पुलिस दल ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें रास्ते से हटाया। जायरीन ने भी पुलिस दल पर पथराव कर दिया। अंत में समझाइश के बाद जायरीन बस स्टैंड पर ठहरने के लिए सहमत हो गए।
राजीव पचार, एएसपी