अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के विज्ञान वर्ग की परीक्षा का परिणाम गुरुवार शाम 4 बजे जयपुर में घोषित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री बृज किशोर शर्मा जयपुर के राधाकृष्णन शिक्षा संकुल स्थित माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के नवनिर्मित राजीव गांधी विद्या भवन में परिणाम की घोषणा करेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ पीएस वर्मा ने बताया कि इस परीक्षा के लिए कुल 1 लाख 83 हजार 519 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए, इनमें से 1लाख 80 हजार 459 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रविष्ट हुए। बोर्ड का यह परिणाम बोर्ड की वेबसाइट और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र की वेबसाइट पर भी जाना जा सकेगा। इसके अतिरिक्त परीक्षा परिणाम की जानकारी एसएमएस के माध्यम से मोबाइल पर भी की जा सकेगी।
12वीं विज्ञान की डुप्लीकेट अंक तालिका कल से मिलेंगी
बोर्ड सचिव मिरजूराम शर्मा के मुताबिक 12वीं विज्ञान परीक्षा 2013 की अंकतालिकाओं की प्रतिलिपि बोर्ड के संभाग मुख्यालयों पर स्थित विद्यार्थी सेवा केंद्रों से शुक्रवार से प्राप्त की जा सकेगी।
ये विद्यार्थी सेवा केंद्र जयपुर में बनीपार्क स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, भरतपुर में राजकीय मास्टर आदित्येंद्र उच्च माध्यमिक विद्यालय, चूरू में राजकीय बागला उच्च माध्यमिक विद्यालय, जोधपुर में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीकानेर में राजकीय सार्दुल उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदयपुर में राजकीय गुरू गोविंद सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोटा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और बोर्ड कार्यालय अजमेर में स्थित है। गुरुवार को बोर्ड कार्यालय में परीक्षा परिणाम बताने की विशेष व्यवस्था की गई है।
10 दिन में ही करना होगा आवेदन
बोर्ड के सचिव शर्मा ने बताया कि 2013 की परीक्षा में प्रविष्ट हुए परीक्षार्थी, परीक्षा परिणाम घोषणा के दस दिवस की अवधि में ही संवीक्षा अथवा उत्तर पुस्तिका की फोटो प्रति प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकेंगे। विज्ञान वर्ग के विद्यार्थी 19 मई तक इस संबंध में आवेदन कर सकेंगे।
परीक्षार्थी को संवीक्षा या उत्तर पुस्तिका की फोटो प्रति दोनों में से किसी एक के लिए आवेदन करना होगा। उत्तर पुस्तिका की फोटो प्रति उपलब्ध कराने से पूर्व कार्यालय स्तर पर उत्तर पुस्तिका की संवीक्षा की जायेगी। इसलिए फोटो प्रति के लिए आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों को संवीक्षा का आवेदन पत्र पृथक से भरने की आवश्यकता नहीं है।
संवीक्षा का शुल्क दो सौ रुपए प्रति विषय तथा उत्तर पुस्तिका की फोटो प्रति का शुल्क चार सौ रुपए प्रति उत्तर पुस्तिका निर्धारित किया गया है। संवीक्षा एवं उत्तर पुस्तिका की फोटो प्रति के आवेदन का प्रारूप बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। बोर्ड द्वारा इस संबंध में आवेदन पत्र डाक से स्वीकार्य नहीं किए जाएंगे।
लगातार दूसरे परिणाम की घोषणा जयपुर में
बोर्ड सूत्रों के मुताबिक ऐसा पहली बार ही हो रहा है कि बोर्ड की 12 वीं कक्षा के लगातार दो परिणाम एक के बाद एक बोर्ड कार्यालय में घोषित नहीं कर जयपुर में किए जा रहे हैं। हालांकि चर्चा यही है कि शिक्षा मंत्री बृजकिशोर शर्मा की इच्छा के अनुरूप बोर्ड की 12 वीं विज्ञान का परिणाम भी जयपुर में ही घोषित हो रहा है।
मंत्री का इस कार्यकाल के यह आखिरी परिणाम हैं। जबकि व्यवस्था यह रही है कि शिक्षा मंत्री सुविधा के अनुसार पहला या दूसरा कोई एक परिणाम जारी करता है। शेष परिणाम बोर्ड अध्यक्ष अजमेर स्थित बोर्ड कार्यालय में ही जारी करते हैं।
बोर्ड रिजल्ट यहां भी रहेगा उपलब्ध
www.ExamResults.net
www.RajasthanEducation.net
http://Results.RajasthanEducation.net
मोबाइल पर एसएमएस के जरिए परिणाम पाने के लिए परीक्षार्थी टाइप करें रिजल्ट स्पेस राज12सी स्पेस रोल नंबर और इसे 56263 पर एसएमएस करें।