ब्यावर। रेलवे स्टेशन के पास छावनी फाटक क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मृत्यु हो गई। इस हादसे के बाद युवक का शव पटरी पर ही पड़ा रहा। पटरी से शव नहीं हटाए जाने से उस दौरान ब्यावर स्टेशन से गुजरने वाली 3 ट्रेन करीब 45 मिनट तक लेट हो गई। बाद में सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को पटरी से हटाया। शव हटने पर तीनों ट्रेन रवाना हो पाई।
जीआरपी ने शव का मुआयना कर मृतक का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। काफी देर छानबीन के बाद मृतक की पहचान पाली जिलांतर्गत रास कस्बा क्षेत्र के कठमोर गांव निवासी गंगाराम (26) पुत्र शिवराम कुम्हार के रूप में हुई।
शिनाख्त होने पर पुलिस शव को अमृतकौर अस्पताल ले आई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद युवक की मौत के कारण तलाशने का प्रयास कर रही है। पुलिस इसका भी पता लगा रही हैं कि युवक ने कहीं आत्महत्या तो नहीं की, या फिर उसकी मौत अनजाने में ट्रेन की चपेट में आने से ही हुई!
ट्रेन रुकने से यात्री परेशान
अपराह्न् करीब 2.50 बजे इस घटना के बाद ब्यावर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन को करीब आधे घंटे तक रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर ही खड़ा रखना पड़ा। बाद में शव हटने पर ट्रैक खाली होने की सूचना दी गई। तब ट्रेन को रवाना किया गया। इसके अलावा जयपुर-बांद्रा पैसेंजर ट्रेन को भी करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर ही रोका गया, जबकि जोधपुर-अजमेर-रतलाम एक्सप्रेस को पीपलाज के निकट क्रॉसिंग देने के लिए 40 मिनट तक रोका गया। तीनों ट्रेन लेट होने से ट्रेन में सवार यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
आखिर कौनसी ट्रेन की चपेट में आया?
गंगाराम की मौत कौनसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई, इसका देर शाम तक पुलिस को पता नहीं चल पाया। घटना से पहले दो ट्रेनें ब्यावर से अजमेर की ओर गुजरी। जानकारी के अनुसार काठगोदाम-जयपुर एक्सप्रेस गुजरने के बाद हादसे का पता चला, जबकि इससे भी पहले एक मालगाड़ी भी गुजरी थी।