पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ख्वाजा के उर्स में छाने लगा चिश्तिया रंग, मामू-भांजा की मजार के लिए सोने के कलश

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के 801वें उर्स के मौके पर रविवार को दरगाह परिसर में हर तरफ चिश्तिया रंग छाया नजर आया। शहनाई वादन और सूफियाना कलामों पर आशिकान-ए-ख्वाजा झूमते नजर आ रहे हैं। जियारत के लिए भी अब लंबी कतार लगना शुरू हो गई।
उर्स के मौके पर राज्यपाल मारग्रेट आल्वा की ओर से चादर पेश की गई। चादर राज्यपाल के एडीसी और अन्य अधिकारी लेकर आए। आल्वा ने प्रदेश की खुशहाली की दुआ मांगी। इसी तरह पूर्व उपप्रधानमंत्री एलके आडवाणी और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी की ओर से भी चादरें पेश की गई।
यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी की ओर से सोमवार को चादर पेश की जाएगी। केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य नेता यह चादर लेकर दरगाह पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की ओर से मंगलवार को चादर पेश
की जाएगी।
खादिम सैयद गनी गुर्देजी के मुताबिक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अनीस दुर्रानी सोनिया गांधी की चादर लेकर आ रहे हैं। इस चादर को पेश करने के लिए मुकुल वासनिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रभान भी आएंगे।
शहजादा ए गरीब नवाज हजरत अबु सईद और हजरत अबु स्वालेह की मजार (मामू-भांजा की मजार) के गुंबदों पर रविवार को धूमधाम से सोने के कलश पेश किए गए। ये कलश जुलूस के रूप में लाए गए। इस मौके पर अंजुमन सैयदजादगान के पूर्व सचिव सैयद महमूद उल हसन चिश्ती और सैयद अख्तर अली चिश्ती भी मौजूद थे। कलशों की कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई जा रही है।