पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Rajasthan, Ajmer News, Urs, Sonia, Manmohan

ख्वाजा की दरगाह पर सोनिया की ओर से चादर पेश, बॉलीवुड सितारों ने भी मांगी दुआ

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में 801 वें सालाना उर्स के मौके पर सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष व यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी की ओर से भेजी गई मखमली चादर ख्वाजा साहब की मजार शरीफ पर पेश की गई।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय कंपनी मामलात राज्य मंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक, राज्य के चिकित्सा मंत्री दुरुमियां, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ चंद्रभान, शिक्षा राज्य मंत्री नसीम अख्तर, राज्य सभा सदस्य डॉ प्रभा ठाकुर व अश्क अली टांक समेत अन्य नेताओं ने चादर पेश कर गरीब नवाज से पूरे देश में अमन, चैन, शांति और सुकून की दुआ मांगी।
चादर पेश करने के बाद दरगाह में महफिलखाने के सामने प्रदेश प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक ने सोनिया गांधी द्वारा भिजवाए गए संदेश को पढ़ा। संदेश में उन्होंने कहा, ‘हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती का शुमार दुनिया भर के सफे अव्वल के सूफियों में होता है। आपके नजदीक तमाम इंसान खुदा का कुनबा हैं।
आपने जात, मजहब, इलाके और नस्ल की बुनियाद पर कभी किसी से भेद-भाव नहीं किया और अनेक मजहब के लोगों को एक ही धागे में पिरो दिया। गरीब नवाज हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती सांप्रदायिक सद्भाव और एकता के प्रतीक रहे हैं। दूसरे मजाहिब के साथ घुल-मिल जाना, दूसरों को अपने वजूद में जज़्ब कर लेना भारत में इस्लाम की अनोखी तारीख रही है। ख्वाजा साहब ने इस्लाम के इन्हीं मूल्यों की नुमाइंदगी की है। आपने भारत में अनेकता के बावजूद लोगों के बीच सद्भाव पैदा किया।
मुख्तलिफ अकीदों और रास्तों पर चलने वालों को एक दूसरे से हमआहंग कर दिया। गरीब नवाज की इन्हीं इंसानी खिदमात की वजह से आज दुनिया में अजमेर शरीफ को एक खास अहमियत हासिल है। पिछले 801 साल से राजा और रंक, अमीर और गरीब इस आस्ताने पर आते रहे हैं और मन की शांति हासिल करते रहे हैं।
ख्वाजा साहब के 801वें मुबारक उर्स के मौके पर मैं अपनी और अपनी पार्टी की तरफ से आपकी पाक रूह को भाव-भीनी खिराजे अकीदत पेश करती हूं और आपके ख्यालात पर चलने वालों को जो दुनिया के कोने-कोने से आए हुए हैं अपनी नेक तमन्नाएं पेश करती हूं’। सोनिया गांधी की चादर के साथ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष माहिर आजाद, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष लियाकत अली, संसदीय सचिव ब्रह्मदेव कुमावत, विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर, नाथूराम सिनोदिया, पूर्व विधायक डॉ श्री गोपाल बाहेती, हाजी कयूम खान, महापौर कमल बाकोलिया, नगर सुधार न्यास अध्यक्ष नरेन शाहनी भगत, डेयरी अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, पूर्व मंत्री ललित भाटी, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र सिंह रलावता, उपाध्यक्ष कैलाश झालीवाल, प्रमिला कौशिक, महामंत्री सुकेश काकरिया व सेवादल अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सबा खान, कांग्रेसी नेता राजेंद्र नरचल, राजनारायण आसोपा व चंद्रभान खंजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि साथ थे।
गांधी परिवार के खादिम गनी गुर्दे जी, यासीर गुर्दे जी, जकरिया गुर्दे जी ने गांधी की और से चादर चढ़वाई और मुख्यमंत्री सहित सभी की दस्तारबंदी कर तबरुक भेंट किया। उन्होंने सोनिया गांधी के लिए चुनरी और तबरुक भी भिजवाया। अंजुमन कमेटी के महामंत्री वाहिद हुसैन अंगारा तथा अन्य पदाधिकारियों ने आरकाट के दालान में मुख्यमंत्री सहित सभी को तबरुक भेंट किया व स्वागत किया।