पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Rajasthan, Jaipur News, Ashok Gehlot, Politics

गहलोत के मंच पर साथ नजर आए विरोधी तो गिरते-गिरते बचा पंडाल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुष्कर/मसूदा/नसीराबाद। कांग्रेस संदेश यात्रा के छठे दौर के आखिरी दिन रविवार को अजमेर जिले में हुई सभाओं में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वसुंधराराजे पर जवाबी हमला जारी रखा। पुष्कर की सभा में गहलोत ने कहा कि वसुंधराराजे पर इतने आरोप हैं कि जितने लगाओ उतने ही कम हैं।
हमारी योजनाओं से इन्हें तकलीफ हो रही है, इसलिए आधारहीन आरोप लगा रही हैं। इनकी बुद्धि का दीवाला निकल गया। राजस्थान पिछड़ गया की रट लगाकर लोगों का मनोबल तोड़ रही हैं। हम तो कह रहे हैं कि योजनाओं में कहीं कमी हो तो सुझाव दीजिए, लेकिन ये तो सुझाव देना और कमी ठीक कराना चाहती ही नहीं। भाजपा और वसुंधरा कह रहे हैं कि राजस्थान पिछड़ गया। राजस्थान नहीं पिछड़ा, इनकी सोच पिछड़ गई। भाजपा वसुंधरा का विजन कैसा था, यह हम देख चुके हैं।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान ने कहा कि सरकार के खजाने पर गरीब का हक है, हमने गरीब के लिए खजाना खोला है। गरीब को फायदा मिल रहा है तो उन्हें क्यों तकलीफ है। केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा लोगों को लड़ाने की राजनीति करती है। कांग्रेस ही आम आदमी का भला कर सकती है ।
पुष्कर में गिरते-गिरते बचा पंडाल
पुष्कर में मुख्यमंत्री की सभा में मंच के पंडाल का एक हिस्सा तेज हवा से उखड़ गया, जिसे सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने बमुश्किल संभाला। कुमावत और चौधरी की राजनीतिक प्रतिस्पर्धा जगजाहिर है और दो साल पहले एक कार्यक्रम में दोनों नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट तक हुई थी। रविवार की सभा में दोनों एक साथ नजर आए।
बगरू में यात्रा का स्वागत
कांग्रेस संदेश यात्रा का बगरू पहुंचने पर कृषि उपज मंडी समिति की अध्यक्ष शारदा साघ के नेतृत्व में स्वागत किया गया। अभिनंदन करने वालों में बगरू नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश सोनी, उपाध्यक्ष सत्यनारायण नागर व कोषाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, बगरू अनाज मंडी के अध्यक्ष रमेश मेहता, नेवटा सरपंच शिवचंद जाट, वाटिका सरपंच गिरधारीलाल मीणा, पंवालिया सरपंच मदनलाल निठारवाल व बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग शामिल थे।
सबसे कम बेरोजगारी वाले तीन प्रदेशों में राजस्थान
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वसुंधराराजे के राजस्थान को बेरोजगारी में नंबर वन बताने के आरोपों पर कहा कि उन्हें कुछ पता ही नहीं है। लेबर ब्यूरो चंडीगढ़ की दूसरी सालाना रिपोर्ट में राजस्थान, छत्तीसगढ़ और गुजरात ऐसे राज्य है, जहां पर सबसे कम बेरोजगारी है।