पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दो पक्षों में विवाद के बाद हवाई फायर की अफवाह से लोगों में मचा हड़कंप

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दो पक्षों के विवाद में हवाई फायर हाेने की अफवाह से हड़कंप मच गया तथा मौके पर भीड़ जमा हो गई। क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पड़ोसी पर हवाई फायर करने का आरोप लगाया था। सूचना मिलने के बाद मदनगंज थाना पुलिस ने भी मौका मुआयना किया।
पुलिस के मुताबिक मौके पर जांच की तो आरोपी शैतानसिंह के पास से धारदार तलवार मिली। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को फायरिंग के सबूत नहीं मिले। सोमानी की ओर से भी खबर लिखे जाने तक रिपोर्ट थाने में नहीं दी गई। मदनगंज थाना प्रभारी हरिराम कुमावत ने बताया कि दोपहर 2 बजे के आसपास हाउसिंग बोर्ड निवासी श्यामसुंदर सोमानी ने पड़ोसी पर मकान के विवाद को लेकर हवाई फायर करने का आरोप लगाया।
सोमानी ने बताया कि पड़ोसी ने घर के बाहर खड़े होकर फायर किया है। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सोमानी ने फायरिंग की जानकारी तत्काल थाना प्रभारी कुमावत को दी। सूचना पर कुमावत जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। कुमावत ने बताया कि मौके पर फायरिंग के सबूत नहीं मिले और न ही गोली चलने का कोई निशान, या खोल वगैरह मिला।
आसपास के लोगों ने भी गोली चलने की आवाज नहीं सुनी। क्षेत्रवासियों से पूछताछ में भी फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई। उधर दूसरे मामले में तहकीकात के लिए शहर में आई एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक दोनों पक्षों की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। पुलिस प्रथमदृष्टया फायरिंग की सूचना को अफवाह मान रही है। मामले में जांच जारी है।