पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अजमेर को स्वच्छ बनाने का संकल्प

लोगों ने लिया गंदगी ना करने का संकल्प, स्वच्छ राजस्थान सप्ताह आरंभ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फोटो- स्वच्छ राजस्थान सप्ताह में भाग लेतीं महिलाएं)
अजमेर। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन के तहत राज्य में मनाए जा रहे स्वच्छ राजस्थान सप्ताह का सोमवार को अजमेर में शुभारंभ हुआ।

जवाहर रंगमंच पर निगम निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर, गली, मोहल्ला, वार्ड व शहर में समृद्धि लाने के लिए गंदगी नहीं होने देंगे।
राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल, मेयर कमल बाकोलिया और संभागीय आयुक्त ने शहर को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए प्रण दिलाया कि गंदगी नहीं फैलाएंगे। इस अवसर पर स्कूली छात्रों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और निगम कर्मियों ने मानव श्रृंखला बनाकर सफाई का संदेश दिया वहीं नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया गया। जवाहर रंगमंच पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री भदेल ने शहर के नागरिकों का आव्हान किया कि वे यह प्रण लें की गंदगी नहीं करेंगे। यदि गंदगी नहीं होगी तो शहर स्वच्छ व स्वस्थ रहेगा। गंदगी नहीं करने का मूल मंत्र यह है कि अपने कचरे को डस्टबिन में रखें और अपने घर कचरा लेने आने वाले को कचरा पात्र में दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी गंदगी फैलाते हुए दिखे तो उसे ऐसा नहीं करने के लिए कहें और सफाई रखने के लिए प्रेरित करें। इसके बावजूद कचरा व गंदगी फैलाई जाती है तो ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध नगर निगम को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
भदेल ने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र ही स्वच्छता है। उन्होंने मुख्य मार्गों व गलियों में होने वाले भवनों के मरम्मत व निर्माण के दौरान लगने वाले मलबे के ढेर से होने वाली गंदगी के बारे में बताते हुए कहा कि तत्काल मलबा उठवाना चाहिए। उन्होंने समारोह में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी तथा अन्य महिला कर्मचारियों से कहा कि वे अपने वार्ड के घर-घर में जाकर महिलाओं को सफाई व स्वच्छता का संदेश दें। आंगनबाड़ी को बिलकुल स्वच्छ रखें, यदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मन से अपने क्षेत्र की महिलाओं को गंदगी नहीं करने का संदेश देने में सफल हो जाती है तो गंदगी अपने आप दूर हो जाती है।
सभी का मिले सहयोग

महापौर कमल बाकोलिया ने कहा कि निगम द्वारा हर स्तर पर अजमेर शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने का प्रयास किया जाता है। परंतु जब तक इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक का सहयोग नहीं होगा तब तक यह कार्य पूरा नहीं होगा। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे ऐेतिहासिक व धार्मिक नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में सहयोग दें। समारोह को संबोधित करते हुए संभागीय आयुक्त धर्मेंद्र भटनागर ने कहा कि नगर निगम को कम से कम दो आदर्श वार्ड तैयार करने चाहिए जो दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकें। नागरिकों के सहयोग से इन वार्डों को स्वच्छ व स्वस्थ बनाना चाहिए। अजमेर उत्तर व अजमेर दक्षिण विधानसभा के एक-एक वार्ड का लॉटरी से चयन कर लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अजमेर विकास प्राधिकरण ने अजमेर उत्तर पर कोटड़ा व अजमेर दक्षिण में जेपी नगर कॉॅलोनी को आदर्श कॉॅलोनी के रूप में विकसित करने का निर्णय किया है, जो वहां के नागरिकों व संस्थाओं के सहयोग से ही संभव हो पाएगा। स्वच्छता के लिए मोहल्ला व वार्ड स्तर पर सफाई व सलाहकार समिति बनाई जानी चाहिए।
विभागों को पाबंद किया

भटनागर ने बताया कि अजमेर शहर में स्थित प्रत्येक स्कूल, चिकित्सालय, बैंक को पाबंद किया जा रहा है कि वे जहां स्थित है उस क्षेत्र व गली को पूरी तरह से स्वच्छ रखेंगे और वहां कचरा पात्र रखेंगे। नगर निगम के सीईओ सीआर मीना ने स्वच्छ अभियान के लिए बनाई गई। योजना के बारे में बताया और कहा कि घर-घर, गली-गली में स्वच्छता का संदेश देने के निगम द्वारा प्रयास किये जा रहे हैं और आमजन में भी जागरूकता आई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र अजमेर शहर में डोर-टू-डोर से कचरा एकत्रित करने की योजना प्रारंभ की जाएगी। समारोह में नगर निगम के पार्षद, विभिन्न अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्वयं सहायता के पदाधिकारी मौजूद थे।
आगे की स्लाइड में देखें महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल ने दिखाई हरी झंडी...