पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअजमेर। कांग्रेस के एक पूर्व विधायक कय्यूम खां द्वारा मंगलवार को केन्द्रीय मंत्री नारायण वी सामी को अंधेरे में रखकर ऐसे होटल का उद्घाटन करा लिया गया, जिसका निगम से न तो व्यावसायिक और न ही आवासीय नक्शा स्वीकृत है। सब कुछ इतना अचानक हुआ कि किसी भी प्रशासनिक अधिकारी या कांग्रेस के नेताओं को सामी को वस्तु स्थिति बताने का मौका ही नहीं मिला।
पूर्व विधायक कय्यूम खान ने दरगाह बाजार में न्यू जन्नत होटल बनाया है। इसका न तो उन्होंने आवासीय नक्शा ही पास कराया और न ही वाणिज्यिक। मंगलवार को कय्यूम खान ने होटल में कुरआन ख्वानी का आयोजन किया था। इन दिनों ख्वाजा साहब का उर्स चल रहा है, लिहाजा होटल शुरू किया जाना था। मंगलवार को ही प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की ओर से राज्यमंत्री वी नारायण सामी चादर चढ़ाने आए थे। उनके साथ अजमेर के सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री सचिन पायलट भी थे।
इस मौके को कय्यूम खान ने भुना लिया। जायरीन की अथाह भीड़ के कारण सभी वीआइपी को जिला प्रशासन दरगाह से सटे धानमंडी इलाके से पैदल ले जाता है। कय्यूम खान का होटल दरगाह और धानमंडी के बीच ही है। कय्यूम खान भी चादर चढ़ाने के लिए जा रहे काफिले के साथ ही थे। सामी चादर चढ़ाने के बाद जब लौट रहे थे तो कय्यूम खान उन्हें अपने होटल की ओर ले आए।
जानकारी के मुताबिक उद्घाटन का कोई विधिवत घोषित कार्यक्रम नहीं था, लेकिन कय्यूम खान ने तैयारी कर रखी थी। यही कारण रहा कि जब सामी कय्यूम के होटल पहुंचे तब तक वहां फीता और कैंची भी तैयार थी। सामी ने फीता काट कर होटल का शुभारंभ कर दिया। इस दौरान सामी के साथ वे तमाम लोग भी रुक गए जो चादर चढ़ाने के लिए साथ आए थे।
किसी तरह का नक्शा पास नहीं कराया
हमारे पास किसी होटल के शुभारंभ की कोई जानकारी नहीं है। दरगाह बाजार में जिस होटल के बारे में आप बता रहे हैं उसका न तो कोई आवासीय और न ही वाणिज्यिक नक्शा पास कराया गया है।
- विनीता श्रीवास्तव, सीईओ, नगर निगम, अजमेर
निगम से आवासीय नक्शा स्वीकृत करा रखा है। मंत्री से होटल का उद्घाटन नहीं कराया है। केवल चाय पीने के लिए बुलाया था। इससे पूर्व भी उर्स में प्रधानमंत्री अथवा अन्य वीआइपी कांग्रेस नेताओं की चादर आने पर मेहमानों को जन्नत होटल में चाय पीने के लिए बुलाया जाता रहा है। इस बार न्यू जन्नत होटल में बुलाया। दरगाह और उसके आसपास सभी होटल आवासीय नक्शा पास करवाए भवनों में ही चल रहे हैं।
- कय्यूम खां, पूर्व विधायक कांग्रेस
प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री नारायाण सामी कांग्रेस के पूर्व विधायक के होटल का फीता काटकर शुभारंभ करते हुए। उनके पास खड़े हैं केंद्रीय कंपनी मामलात राज्यमंत्री सचिन पायलट, राज्य सभा सदस्य अश्कअली टांक, एकदम बाएं टोपी पहने हुए पूर्व विधायक कय्यूम खान।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.