पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शरारती तत्वों ने की वाहनों में तोड़फोड़, लोगों में आक्रोश, पुलिस कार्रवाई की मांग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। मदार और भगवान गंज, पृथ्वीराज नगर इलाके में रात को शरारती तत्वों की गतिविधियों से इलाके के लोग परेशान हैं। यह लोग मकानों पर पथराव करते हैं और वाहनों में तोड़फोड़ करते हैं। मदार इलाके में बुधवार रात अज्ञात शातिरों ने तीन वाहनों में तोड़फोड़ की। तोड़फोड़ के कारण वाहनों को खासा नुकसान पहुंचा है। अलवर गेट थाना पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच में जुट गई है।
मदार मुख्य रोड पर आईटीआई के सामने रहने वाले मनोज चौधरी ने बताया कि बुधवार रात को उसने कार घर के बाहर खड़ी की थी, गुरुवार सुबह कार के शीशे टूटे मिले और कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हालत में मिला। इसी तरह किशन गोपाल तथा लोकेश ने बताया कि शरारती तत्वों ने बुधवार रात घर के बाहर खड़ी कार पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए।
इलाके के लोगों का आरोप है कि मदार पावर हाउस के आगे सुनसान सड़क पर रात के समय संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। झगड़े से इलाके की शांति भंग होती है। आवारा तत्वों के जमावड़े के कारण इलाके के लोगों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है। लोगों ने पुलिस से उचित कार्रवाई करने की मांग की है।