नसीराबाद में 70.28 फीसदी से अधिक मतदान
शनिवार को हुए विधानसभा उप चुनाव में 70.28 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। पूरे क्षेत्र में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण हुआ। पुलिस के भारी बंदोबस्त के बीच सवेरे से ही मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग करना शुरू दिया था।
क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर बीएसएफ के सशस्त्र जवान मौजूद थे। पीसांगन में फर्जी मतदान के मामले में दौसा निवासी प्रकाश गुर्जर पुत्र नाथू को गिरफ्तार किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी भवानी सिंह देथा और पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौधरी ने भी दिन भर क्षेत्र का जायजा लिया। इधर भाजपा प्रत्याशी सरिता गैना और कांग्रेस प्रत्याशी रामनारायण गुर्जर ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं।
विधायक अनिता भदेल आैर कांग्रेस नेता आपस में उलझते हुए। यह फोटो पूरे दिन सोशल साइट्स पर चलते रहे।
नसीराबाद पहुंची भदेल को कांग्रेसियों ने घेरा
कस्बे में शनिवार को उपचुनाव के दौरान अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल द्वारा विभिन्न वार्डों में नियम विरुद्ध प्रचार प्रसार करते मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा मचा दिया और निर्वाचन अधिकारी जयप्रकाश नारायण सहित जिला कलेक्टर भवानी सिंह देथा, सिटी थाना प्रभारी अशोक मीणा आदि से शिकायत की।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय गौड़ के अनुसार विधायक भदेल शनिवार सुबह 8 बजे नगर के अनुसूचित जाति आरक्षित वार्ड नंबर 4, 7 और फिर वार्ड नंबर 1 में प्रचार करतीं देखी गईं।
कांग्रेस कार्यकर्ता एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष नीलेश गुर्जर द्वारा भदेल की उपस्थिति पर सवाल उठाए जाने पर वे आनन-फानन में अपनी कार में बैठकर रवाना हो गई और दूधिया मोहल्ला स्थित व्यापारी चंद्रप्रकाश बाबानी के घर में चली गई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता इलेक्शन एजेंट सुनील गुर्जर को साथ लेकर पहुंचे और भदेल को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का हवाला दिया तो भदेल ने कहा कि वे रिश्तेदार से मिलने आई थी।
तू-तू, मैं-मैं के बीच मकान मालिक बाबानी के लड़कों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बाहर निकालकर दरवाजे बंद कर लिए।