अजमेर। लगातार बारिश के बाद जलदाय विभाग की ग्रामीण पेयजल व्यवस्था गड़बड़ा गई है। दस दिनों से बांदरसिंदरी, पाटन, नलू क्षेत्र के दस से अधिक गांवों सहित केन्द्रीय विश्वविद्यालय तक जलापूर्ति व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है।
क्षेत्रवासियों ने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन कर जलापूर्ति अव्यवस्था पर रोष जताया है। साथ ही समस्या समाधान नहीं होने पर जलदाय विभाग के मुख्य कार्यालय पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
ग्राम नलू, पाटन, मुंडोती, बांदरसिदरी, डींडवाड़ा सहित अन्य गांवों के लोगों ने बताया कि पिछले दस दिनों से पानी नहीं आ रहा है। जलदाय विभाग के कार्यालय पर फोन करने पर जवाब नहीं मिलता है। जलदाय विभाग द्वारा पानी के लिए रखी गई टंकी की सफाई लंबे समय से नहीं की गई है।
प्रेशर नहीं होने के कारण ऊंचाई पर स्थित मकानों तक पानी नहीं पहुंचता है।
जलदाय महकमे के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र में पाइप लाइन पर जगह-जगह अवैध कनेक्शन कर लिए गए हैं। इस कारण जलापूर्ति में बाधा हो रही है। जलदाय विभाग के सहायक अभियंता ग्रामीण सुरेन्द्र कुमार का कहना है कि अवैध कनेक्शन करने वालों के खिलाफ कारगर
कार्रवाई हाेने पर ही समस्या समाधान संभव है।