पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

गुर्जर या गैना में से किसके सिर सजेगा जीत का ताज, इसका फैसला होगा आज

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। प्रदेश के चार विधानसभा क्षेत्रों नसीराबाद (अजमेर), सूरजगढ़ (झूंझुनू), वैर (भरतपुर) और कोटा दक्षिण (कोटा) में उपचुनाव की मतगणना मंगलवार सवेरे 8 बजे शुरु होगी। परिणाम दोपहर तक आने की संभावना है।
नसीराबाद विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की सरिता गैना अौर कांग्रेस के रामनारायण गुर्जर के भाग्य का फैसला होगा। नसीराबाद रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुबह 11 बजे तक परिणाम आ जाने की उम्मीद है।
जिला निर्वाचन अधिकारी भवानी सिंह देथा ने बताया कि मतगणना के लिए 11 टेबलें लगाई गई हैं। इनमें से 10 पर ईवीएम एवं एक पर डाक मतपत्रों की गणना होगी। मतगणना के 22 राउंड होंगे। मतगणना के प्रत्येक राउंड की सूचना उसी कक्ष में लगे कंप्यूटर पर दे दी जाएगी।
मीडिया सेंटर पर मिलेगी पल-पल की जानकारी

नसीराबाद विधानसभा उप चुनाव की मतगणना के दौरान राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मीडिया सेंटर बनाया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक प्यारे मोहन त्रिपाठी को मीडिया सेंटर का प्रभारी बनाया गया है। यहां प्रत्येक राउंड की जानकारी मिलती रहेगी।
नसीराबाद विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस के रामनारायण गुर्जर विधानसभा जाएंगे या भाजपा की सरिता गैना, यह तो मंगलवार को मतगणना के बाद ही साफ होगा। लेकिन जाट, रावत और गुर्जर बाहुल्य इलाकों में मतदान का प्रतिशत बताता है कि दोनों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ है। हालांकि सामान्यतः उप चुनाव में सत्तारूढ़ दल ही जीतते आए हैं। लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के जो आंकड़े जारी किए हैं उनसे संकेत मिलते हैं कि नतीजा दिलचस्प हो सकता है।
भाजपा जीत के प्रति आश्वस्त है क्योंकि वो यह मानकर चल रही है कि लोकसभा चुनाव में नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र से उसे 10 हजार 800 वोटों की लीड मिली थी, इसे कांग्रेस पाट नहीं सकेगी। हाल ही में देश के विभिन्न राज्यों में 18 सीटों पर हुए विधानसभा के उप चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए अच्छे नहीं रहे हैं।
कांग्रेस का तर्क

कांग्रेसजनों का मानना है जीत उनकी ही होगी। विधानसभा चुनावों में भाजपा के सांवर लाल जाट 29 हजार 800 मतों से जीते थे। इसके बाद लोकसभा के चुनाव हुए। नरेंद्र मोदी की लहर होने के बावजूद नसीराबाद क्षेत्र से भाजपा की जीत का आंकड़ा 10 हजार 800 पर आकर सिमट गया। लोकसभा चुनाव से इस बार नसीराबाद क्षेत्र में मतदान दो प्रतिशत कम हुआ है।
इसके अलावा सबसे अधिक मतदान वाले केंद्रों में गुर्जर बाहुल्य केंद्र अधिक हैं। पीसांगन कस्बे में इस बार कुमावत समाज में दो फाड़ होने से भी कांग्रेस काे फायदा मिलेगा। कांग्रेस प्रत्याशी रामनारायण गुर्जर की छवि का भी कांग्रेस को लाभ हुआ है। ऐसे में क्षेत्र से कांग्रेस ही जीतेगी।
भाजपा का तर्क
प्रदेश और केंद्र में अभी भाजपा की सरकार है। मतदाता काफी जागरूक हैं, उन्हें पता है कि क्षेत्र व गांव का विकास सत्ता के साथ रहने से ही हो सकता है। इसी को देखते हुए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जाट व रावत बाहुल्य गांवों में भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान हुआ है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बूथ वार समीक्षा कर राजनीतिक गोटियां बिठाने का फायदा भी भाजपा को मिला है। भाजपा प्रत्याशी सरिता गैना भाजपा के सत्ता में काबिज होने का भी फायदा मिला है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती से फर्जी मतदान पर अंकुश लगने के साथ-साथ मुस्लिम बाहुल्य अलीपुरा गांव में भी भाजपा को वोट मिलने से क्षेत्र से भाजपा ही जीतेगी।