पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शहजाद की फरारी के बाद बढ़ाई गई सिनोदिया हत्याकांड के गवाहों की सुरक्षा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया के पुत्र भंवर सिनोदिया का हत्यारा शूटर शहजाद के पुलिस गिरफ्त से फरार होने के बाद सिनोदिया हत्याकांड से जुड़े गवाहों को जान की चिंता बढ़ गई है। शहजाद ने जेल में रहते हुए सिनोदिया हत्याकांड से जुड़े गवाहों को जान से मारने की धमकी दी थी।
धमकी के बाद कोर्ट के आदेश पर सिनोदिया हत्याकांड से जुड़े चार गवाह व दो भूमि प्रकरण से जुडे़ लोगों काे एक-एक सुरक्षा गार्ड दिया गया था। शूटर के फरार हाे जाने की घटना के बाद गवाहों की सुरक्षा की चिंता को भांपते हुए पुलिस ने सुरक्षा और बढ़ा दी है। पुलिस ने गवाह की सुरक्षा के लिए दो अतिरिक्त गार्ड बुधवार से और लगा दिए हैं। इस तरह चार गवाहों को तीन-तीन सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराए गए हैं।
ये हैं मुख्य गवाह
सिनोदिया हत्याकांड से जुड़े चार मुख्य गवाह भागचंद चोटिया, हनुमान पुनिया, हरजीराम जाट, गफ्फार खां की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। शूटर शहजाद के फरार होने के बाद सिनोदिया हत्याकांड से जुड़े लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता की लकीरें साफ देखी जा रही हैं। हालांकि पुलिस उपाधीक्षक शिवभगवान गोदारा ने बताया कि गवाहों व सिनोदिया हत्याकांड से जुड़े लोगों को कोई खतरा नहीं है। उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
मिलीभगत के कारण हुआ फरार
पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया ने फरार हुए सजायापता शूटर शहजाद की घटना को मिलीभगत होना बताया। सिनोदिया ने कहा कि पूर्व में भी आरोपी जेल से मिली पैरोल पर हत्याकांड को अंजाम दे फरार हो चुका है। ऐसे गंभीर अपराधिक रिकॉर्ड के बावजूद शहजाद को कड़ी निगरानी नहीं रखी गई। सिनोदिया ने बताया कि शहजाद कईं बार जेल से गवाहों को धमकाता रहा है।
गवाहों को सुरक्षा गार्ड दिए गए जबकि खुद सिनोदिया की सुरक्षा के लिए तीन गार्ड कोर्ट के आदेश पर लगाए गए। सिनोदिया ने बताया कि इस तरह आदतन अपराधी का फरार होना पुलिस की नाकामी और सरकारी मिलीभगत की वजह से ही हो सकता है। अब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई। सुरक्षा के सवाल पर सिनोदिया ने कहा कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होता तब तक खतरा बना रहेगा।
' हत्या के आरोप में उम्रकैद भुगत रहा शहजाद की फरारी से हमारी जान को जोखिम बढ़ गई है। शहजाद ने जेल में रहते हमे मारने की धमकी दी थी। अब वो फरार हो गया इसलिए कुछ भी कर सकता है। पुलिस सुरक्षा तो बढ़ा दी है उसे शीघ्र गिरफ्तार करें।'

भागचंद चोटिया

भंवर सिनोदिया हत्याकांड का मुख्य गवाह