शिशु चिकित्सालय में डॉक्टर से हाथापाई
अलवर | राजकीयगीतानंद शिशु चिकित्सालय में रविवार को एक बच्चे काे दिखाने आए परिजन ने डॉक्टर के साथ हाथापाई कर दी। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक अन्य युवक ने भी डाक्टर पर प्रमाण पत्र सत्यापित करने का दबाव बनाया। इस मामले की भी जानकारी चिकित्सालय की पुलिस चौकी को दी गई। सुबह करीब 11 बजे अस्पताल में बालक को लेकर एक व्यक्ति आया। उस समय ओपीडी का समय खत्म हो गया था। यह व्यक्ति बच्चे को देखने का दबाव डॉक्टर लव कुंदनानी पर बनाने लगा। इस पर डा. लव कुंदनानी से उसे इमरजेंसी में आने के लिए कह दिया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। बाद में डॉक्टर ने इमरजेंसी में बालक का उपचार किया तथा बालक के साथ आए अतर सिंह चौधरी के खिलाफ अस्पताल चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अतर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।