अलवर. डेढ़ माह पहले मोटरसाइकिल भिड़ने के बाद से चल रहे विवाद पर समझौता करने के लिए बुलाकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक को गले लगाकर उसकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान बचाने आए दो साथियों पर भी करीब 15 से 20 हमलावरों ने लाठी-हॉकी और चाकू से वार किए। घटना शाम करीब सात बजे साठ फुट रोड पर हुई। घटना की सूचना मिलने पर एनईबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
अग्रसेन चौराहे के समीप रहने वाले रवि यादव का करीब डेढ़ माह पहले बाइक भिड़ने पर दाे लड़कों से विवाद हो गया था। विवाद के चलते रवि यादव को दोनों लड़कों के फोन आते रहते थे। बुधवार को रवि के पास कौशल चौधरी और राकेश धाकड़ ने फाेन करके साठ फुट रोड पर समझौता करने के लिए बुलाया। इस पर रवि अपने चचेरे भाई विष्णु यादव और एक अन्य साथी दलीप के साथ कार में साठ फुट रोड आया।
दोनों काे कार में बैठा छोड़कर रवि दूर खड़े कौशल और राकेश के पास गया। कौशल रवि को गले लगाकर उसकी पीठ में चाकू से दो वार कर दिए। पास खड़े राकेश ने भी रवि पर लाठी से वार किए। रवि पर हमला हाेते ही कार में बैठे विष्णु और दलीप उसे बचाने के लिए भागे तो कौशल के साथ पहले से खड़े 15-20 लड़के एकत्र हो गए और विष्णु के सिर पर लाठी और हॉकी से ताबड़तोड़ वारकर कर दिए। दिलीप की भी जमकर पिटाई की। युवकों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए। शाम करीब सात बजे हुई इस वारदात के बाद आसपास दुकानदारों आैर राहगीरों का जमावड़ा लगा रहा। घटना की सूचना के बाद एनईबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं
हमले में घायल विष्णु यादव शहर के एक निजी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। रवि यादव इसी कॉलेज का पूर्व छात्र है। रवि फिलहाल एमआईए में एक कंपनी में नौकरी करता है। रवि अपने चचेरे भाई विष्णु और साथी दलीप के साथ किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी कर रहा है। राकेश धाकड़ और कौशल चौधरी भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं।
जिम जा रहे थे इसी दौरान आया फोन
शाम के समय रवि, विष्णु और दिलीप कार में बैठकर जिम जा रहे थे, इसी दौरान कौशल का फोन आने पर रवि कौशल से मिलने के लिए रुक गया।