अलवर। बांदरोल के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को शिक्षक ने तीन छात्राओं की डंडे से पिटाई कर दी। इससे एक बालिका का हाथ टूट गया। बालिकाओं के बयान के बाद शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। बालिका को थानागाजी सीएचसी से अलवर रेफर किया गया है।
छात्राओं ने बताया कि स्कूल में टेस्ट चल रहे थे। दोपहर 12 बजे कक्षा 6 की दो छात्राओं खुशबू हंसा के गणित के टेस्ट में 5 का अंक नहीं लिखने पर शिक्षक ताराचंद गुर्जर ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके अलावा शिक्षक ने टेस्ट पेपर में नहीं लिखने पर कक्षा दो की छात्रा अंजलि की भी पिटाई की।
टेस्ट के बाद छात्राएं घर गई और परिजनों को कुछ नहीं बता पाई। शरीर में दर्द हाेने पर शाम के समय बालिकाओं ने परिजनों को घटना के बारे में बताया। इस परिजन उन्हें इलाज के लिए थानागाजी अस्पताल लेकर आए। बालिकाओं की कमर हाथ पर चोट के निशान थे।
सूचना पर थानाधिकारी सचिन अस्पताल पहुंचे और बालिकाओं से मामले की जानकारी ली। पूछताछ में बालिकाओं ने बयान दिए कि अध्यापक ताराचंद गुर्जर ने गणित में पांच का अंक नहीं लिखने को लेकर उनकी डंडो से पिटाई कर दी। सूचना पर शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने अस्पताल आकर पीड़ित छात्राओं के बयान लिए और जिला शिक्षा अधिकारी को मामले से अवगत कराया। इसके बाद डीईओ ने शिक्षक को निलंबित कर दिया। घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश छा गया। लोग अस्पताल में जमा हो गए और आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की।
वर्जन
बालिकाओं के बयानों के बयान लिए गए हैं। इसमें शिक्षक दोषी पाया गया है। जिस पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिख दिया गया है।
दिनेश शर्मा, कार्यवाहक बीईईओ, थानागाजी
बालिकाएं टेस्ट के दौरान नकल कर रही थी। इस कारण उनकी पिटाई की गई।
ताराचंद गुर्जर, आरोपी शिक्षक
मामले में प्रथम दृष्टतया शिक्षक दोषी पाया गया है। बालिकाओं के बयान लिए गए हैं। शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। रामस्वरूपमीणा, डीईओ, अलवर।