- Hindi News
- पार्टी नेताओं के चलते विपक्ष में बैठना पड़ेगा : डॉ.रोहिताश्व
पार्टी नेताओं के चलते विपक्ष में बैठना पड़ेगा : डॉ.रोहिताश्व
अलवर| पूर्वमंत्री डॉ.रोहिताश्व शर्मा ने कहा जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा के ही कुछ विधायक नेताओं ने कांग्रेस से सांठगांठ कर चुनाव हरवा दिया। जिला परिषद चुनाव में 29 प्रत्याशियों के जीतने के बाद भी भाजपा बोर्ड नहीं बना पाई। पूरा बहुमत होने के बाद अब पार्टी को विपक्ष में बैठना पड़ेगा।शर्मा ने मुंडावर विधायक धर्मपाल चौधरी को छोड़कर जिला परिषद कैंपेन में शामिल नेताओं पर भी षड्यंत्र रचकर पार्टी के साथ धोखा देने का आरोप लगाया गया। हालांकि शर्मा ने किसी नेता का खुलकर नाम नहीं लिया।
डॉ.शर्मा ने कहा कि उनके कहने से अगर उप जिला प्रमुख का नाम तय होतो फिर क्रास वोटिंग होगी। पार्टी के हित में उन्होंने प्रदेश आलाकमान को साफ कह दिया कि जिला प्रमुख में क्रास वोटिंग कराने वालो की राय से ही नाम तय किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रमुख के चुनाव में धर्मपाल चौधरी के बीमार होने के बाद वे अकेले रह गए। उन्हें अभिमन्यु की तरह चक्रव्यूह में फंसा लिया। कांग्रेस के बड़े नेताओं से सांठगांठ कर पार्टी के प्रत्याशी को हरा दिया गया। शर्मा ने कहा कि पार्टी के विधायक भी अपने-अपने क्षेत्र में प्रधान बनवाने में लगे रहे। जिला प्रमुख के लिए किसी ने ध्यान नहीं दिया। होटल क्लार्क इन में हुई घटना पर डॉ.रोहिताश्व ने कहा कि किसी जिला परिषद सदस्य के साथ मारपीट नहीं हुई। हार के बाद पार्टी के कार्यकर्ता प्रत्याशी के परिजनों में आक्रोश जरूर था।
पार्टी को हराने वालों की राय से बना उप जिला प्रमुख
जिलाप्रमुख चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ क्रास वोटिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भाजपा नेताओं की उप जिला प्रमुख के लिए आलाकमान को आखिरकार राय माननी पड़ी। इन नेताओं की सहमति से ही रमन गुलाटी उप जिला प्रमुख बने। रमन गुलाटी का नाम तय होने के बाद नौ पार्षद वापस भाजपा के खेमे में आए। इससे पहले 20 पार्षदों को अपनाघर शालीमार के पीछे मुकेश गुलाटी के फार्म हाउस में रखा हुआ था। रमन गुलाटी का नाम तय होने के बाद नौ पार्षदों को फार्म हाउस पर भेजा गया।