नगर पालिका का 11.30 करोड़ का बजट पारित
कस्बेकी नगर पालिका की बैठक में शुक्रवार को 2016-17 का वित्तीय बजट पारित किया गया, जिसमें 11 करोड़ तीस लाख रुपए के वित्तीय बजट पारित किया गया। बैठक में नगर पालिका के गंदे पानी के लिए जगह खरीदने सहित अतिक्रमण हटाने का भी निर्णय लिया गया। कस्बे की नगर पालिका कार्यालय पर शुक्रवार दोपहर बारह बजे पालिका अध्यक्ष सत्य वृत आर्य की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में नए वित्त वर्ष का बजट प्रस्ताव लिया गया, जिसमें कुल राशि 11 करोड़ तीस लाख की रखी गई। इस दौरान बजट में पालिका की आमदनी में चुंगी क्षतिपूर्ति से 2.40 करोड़, राज्य सरकार तथा वित्त आयोग से 2.40 करोड़, विधायक सांसद कोट से 65 लाख, भूमि विक्रय से 1.10 करोड़, पट्टा से 45 लाख का अनुमान लगाया गया है। जबकि खर्च में पालिका द्वारा सफाई पर 29 लाख, लाइट पर दस लाख, नई सड़क निर्माण पर 3.50 करोड़, सड़क मरम्मत पर पचास लाख रुपए, शौचालय निर्माण के लिए 25 लाख का प्रस्ताव पारित किया गया है। बजट प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया इसके अलावा पालिका क्षेत्र के गंदे पानी के लिए जमीन खरीदने का निर्णय लिया गया। बैठक में पालिका क्षेत्र के कठूमर रोड से अतिक्रमण हटाने के लिए पालिका में काफी बहस की गई जिसमें कठूमर रोड बाजार से वाहनों के जाम लगने के कारण अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान दुकानों के आगे लगे सामान थड़ी वगैरह को जब्त करने का निर्णय लिया गया तथा छुड़ाने पर एक हजार रुपए का जुर्माना तय किया गया। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सत्य वृत आर्य, उपाध्यक्ष संदेश खंडेलवाल, पार्षद कल्ला राम गर्ग, सुरेंद्र गोयल, बीरेंद्र नरूका, संजय गीजगढिय़ा, विनोद अवस्थी, महेन्द्र जैन, पीडी मीणा, मानसिंह सैनी, मोनू कोली, जितेन्द्र सैनी, ज्योति शर्मा, प्रीति जैन, सुलोचना धाकड़, संगीता गुर्जर सहित ईओ महेश जैन, थानाधिकारी हरिनारायण मीणा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
खेड़ली. नगर पालिका में बजट प्रस्ताव पर चर्चा करते पार्षद।