अलवर | शहर में लगातार हुई चोरियों के मामले में जयपुर रेंज द्वितीय के आईजी डीसी जैन का कहना है चार दिन में चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने का यह मतलब नहीं है कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। देर है, अंधेर नहीं। शीघ्र ही चोर पकड़ लिये जाएंगे। विभागीय प्रमोशन टेस्ट के सिलसिले में गुरुवार को अलवर के दौरान भास्कर ने बढ़ती वारदातों को लेकर उनसे बातचीत की।
माजरीकलां में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में उन्होंने कहा कि पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगने की बात कहना गलत है। पुलिस गोपनीयता के चलते अभी कोई खुलासा नहीं कर रही है। आरेापियों की जल्द ही गिरफ्तारी हो जाएगी।
आई जैन ने जल्द ही पुलिसकर्मियों की कमी दूर होने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि नये चयनित 450 सिपाहियों की ट्रेनिंग चल रही हैं, जो जल्द ही ड्यूटी ज्वाइन कर लेंगे। इसके अलावा प्रमोशन से भी व्यवस्था में सुधार आएगा।
45ने दिया फाइनल प्रमोशन टेस्ट: एएसआई से एसआई में प्रमोशन के लिए लिखित परीक्षा में पास पुलिस जवानों ने गुरुवार को पुलिस लाइन में प्रमोशन का फाइनल टेस्ट दिया। इस दौरान जयपुर रेंज द्वितीय के आईजी डीसी जैन, डीआईजी लॉ एंड आर्डर जीसी राय, एसपी विकास कुमार और एडिशनल एसपी ग्रामीण राजेंद्र वर्मा मौजूद रहे। टेस्ट में 45 एएसआई शामिल हुए। उनका राइफल ड्रिल, शस्त्र ज्ञान और परेड का व्यवहारिक ज्ञान परखा गया। आईजी जैन ने बताया कि 33 पदाें पर प्रमोशन किया जाना है।