दूल्हे के भाई के फायर से ड्राइवर की मौत
बघानागांव में गुरुवार रात को बारात के जश्न के दौरान चली गोली से बारातियों में शामिल ड्राइवर सत्यपाल उर्फ सत्यवीर की मौत हो गई। गोली दूल्हे के भाई देवेंद्र उर्फ समसु (20) पुत्र राजेश जाट ने चलाई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वरमाला कार्यक्रम से तुरंत पहले हुए इस हादसे से शादी समारोह में खलबली मच गई।
हरियाणा के नूहं मेवात के जौरासी गांव से दीपक कुमार की बारात कोटकासिम के बघाना गांव में सत्यवीर चौधरी के यहां आई थी। नूह जिले के रंगाला गांव थाना तावडू का सत्यपाल पुत्र रतनसिंह जाट बोलेरो की बुकिंग लेकर उनके साथ आया था। गुरुवार रात करीब 10 बजे बारात वरमाला के लिए वधु पक्ष के घर की तरफ नाचते-गाते बढ़ रही थी। दूल्हे के भाई देवेंद्र के हाथ में छोटी पिस्टल या कट्टे जैसा हथियार था, जिससे वो हवाई फायरिंग कर रहा था। उसके साथ सत्यपाल उर्फ सत्यवीर भी चल रहा था। इस दौरान एक गोली सत्यपाल के सीने में लगी और वह लहुलुहान होकर गिर पड़ा। इस दौरान बारात में खलबली मच गई। उसे ग्रामीण कोटकासिम सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुरेश पुत्र प्रभु जाट ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दूल्हे के भाई देवेंद्र जाट को गिरफ्तार कर लिया। रात को कार्रवाई के दौरान कोटकासिम थाने के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।
कोटकासिम. ड्राइवर की मौत के मामले में थाने के सामने लगी ग्रामीणों की भीड़।