आज जिलेभर में लगेंगी राष्ट्रीय लोक अदालत
राजस्थानराज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर अलवर न्याय क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। ये अदालत जिलेभर में कोर्ट स्तर पर लगाई जाएंगी। इसके लिए जिला मुख्यालय पर कोर्ट परिसर में छह बेंचों में सुनवाई होगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि सिविल न्यायधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय से लेकर जिला एवं सेशन न्यायालय स्तर तक लंबित प्रकरण धारा 138 एनआईएक्ट, ऋण वसूली दावे, धन वसूली दावे एवं इनसे संबंधित प्रीलिटिगेशन संबंधी मामले, जिनमें राजीनामा होने की संभावना है उन्हें लोक अदालत में रैफर कर दिया जाएगा। विभिन्न बैंकों की ओर से प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में पक्षकारों को ब्याज, पेनल्टी आदि में लोक अदालत में प्रकरणों के निस्तारण पर छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर लोग लंबित मामलों के निस्तारण के साथ इसकी अपील नहीं होने और न्यायालय से नियमानुसार कोर्ट फीट की छूट का लाभ उठा सकते हैं।