पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बगावत ने बदल दिए प्रधानों के समीकरण

बगावत ने बदल दिए प्रधानों के समीकरण

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अलवर| जिले में प्रधानों के चुनावों में हुई बगावत ने पार्टियों की हार-जीत के समीकरण बदल दिए। थानागाजी में भाजपा के पास आठ सीटें थे। क्रॉस वोटिंग से 13 वोट मिले और प्रधान बन गया। तिजारा में भाजपा ने 11 सदस्य होते हुए 15 वोट लिए। कठूमर में कांग्रेस के आठ सदस्य थे। वोटिंग हुई तो आंकड़ा 15 पर पहुंच गया।
मुंडावर में भाजपा के पास 11 सदस्य थे। क्रॉस वोटिंग से 19 वोट मिल गए। नीमराणा में तो भाजपा के तीन सदस्यों ने क्रॉस वोट डालकर निर्दलीय प्रधान बना दिया। उमरैण रैणी में प्रधान पद के लिए पंचायत समिति सदस्यों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। उमरैण में मंजू पटेल रैणी में अनिता सैनी भाजपा टिकट पर पंचायत समिति सदस्य चुनी गई। प्रधानी में दोनों ने कांग्रेस सिंबल पर चुनाव लड़ा और जीती।
कांग्रेस को 15 वोटों से हराया प्रधानों में सबसे बड़ी जीत
मुंडावर| मुंडावरपंचायत समिति में भाजपा की सीमा यादव प्रधान चुनी गई है। सीमा यादव ने 19 मत लेकर कांग्रेस के गंगाराम पटेल को 15 मतों से हरा दिया। कांग्रेस के गंगाराम पटेल को मात्र चार मत मिले। चुनाव में कांग्रेस के पांच प्रत्याशी जीत कर आए थे। पंचायत समिति क्षेत्र मे कुल 25 वार्ड हैं। प्रधान के लिए शनिवार को हुए मतदान में 24 सदस्यों ने मतदान किया। वार्ड 5 से जीते निर्दलीय कर्ण सिंह वोट डालने नहीं आए। इनमें भाजपा को 19 मत मिले तथा कांग्रेस को 4 मत मिले। एक वोट रिजेक्ट हो गया। भाजपा की बाड़ाबंदी में से 17 उम्मीदवार एक साथ वोट डालने आए और वोट डालकर चले गए। इसके बाद दो निर्दलीय पांच कांग्रेस के उम्मीदवार वोट डालने आए।
कांग्रेस के 8 सदस्य थे वोिटंग हुई तो खाते में आए 15 वोट
कठूमर| कांग्रेस के संजय खींची कठूमर पंचायत समिति के प्रधान चुने गए हैं। संजय खींची को 15 और भाजपा के रूपनारायण नागर को 10 मत मिले। पंचायत समिति के 25 वार्डों में 8 कांग्रेस, 7 भाजपा और दस पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं। मतदान के दौरान एक भाजपा सदस्य ने कांग्रेस को वोट किया। 31 साल के संजय खींची युवा प्रधान हैं। कठूमर में भी अब तक चुने गए प्रधानों में वे सबसे युवा हैं। वे भरतपुर लोकसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष है। संजय खींची पूर्व विधायक रमेश खींची के छोटे बेटे हैं। रमेश खींची कठूमर पंचायत समिति में 1995 में प्रधान, 1998 और 2003 में कांग्रेस से विधायक रहे हैं। रमेश खींची 2010 में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे हैं।
भाजपा की एकतरफा जीत कांग्रेस को 11 वोटों से हराया
तिजारा| तिजारा पंचायतसमिति में प्रधान का पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने बाजी मारी। भाजपा प्रत्याशी टीटू ने कांग्रेस प्रत्याशी सीमा देवी को 11 वोट से हराया। पंचायत समिति में प्रधान पद एससी के लिए आरक्षित है। भाजपा प्रत्याशी टीटू को 15 तथा कांग्रेस प्रत्याशी सीमा देवी को 4 वोट वोट मिले। तिजारा पंचायत समिति में 21 वार्ड हैं। इनमें से 19 सदस्यों ने ही मतदान किया। वार्ड नं. 4 से सहरून वार्ड 19 से शम्मी देवी ने वोट नहीं डाला। झिवाणा निवासी टीटू पुत्र जसवंत भाजपा टिकट से वार्ड 21 से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीते। हसन पुर माफी गांव निवासी सीमा पत्नी आदर्श किशोर ने कांग्रेस के टिकट पर वार्ड नं. 15 से पंचायत समिति का चुनाव जीता था।
भाजपा के सिंबल पर जीती प्रत्याशी कांग्रेस से बनी प्रधान
रैणी| रैणी में जबरदस्त उलटफेर हुआ। यहां भाजपा के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य बनी अनिता सैनी ने कांग्रेस के टिकट पर प्रधान का चुनाव लड़ा और जीत गई। अनिता सैनी पंचायत समिति के वार्ड नं. 14 से बीजेपी के सिंबल पर चुनाव लड़ी थी तभी से इसकी प्रधान पद के लिए दावेदारी मानी जा रही थी। चुनाव जीतने के बाद भाजपा छोड़कर सैनी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। सैनी ने भाजपा प्रत्याशी को दस वोटों से हराकर प्रधान की सीट अपने नाम की। कांग्रेस की अनिता सैनी को 13 तथा बीजेपी की 3 मत मिले। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि 17 में से 16 मत डाले गए। अनिता सैनी ने कांग्रेस से, पप्पी बाई सैनी बीजेपी से तथा अंजली धाकड़ ने निर्दलीय बीजेपी से आवेदन किया। अंजली का नामांकन निरस्त से कांग्रेस से अनिता सैनी तथा बीजेपी से पप्पी बाई सैनी प्रत्याशी रही।
भाजपा प्रत्याशी ने प्रधान के लिए कांग्रेस से पर्चा भरा और जीत गई
मालाखेड़ा| अलवर जिले की उमरैण पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए जबरदस्त उलटफेर हुआ। यहां भाजपा के सिंबल से पंचायत समिति सदस्य चुनी गई मंजू पटेल ने कांग्रेस के सिंबल से प्रधान के लिए नामांकन दाखिल कर दिया और 13 वोटों से जीत भी गई। कांग्रेस प्रत्याशी मंजू पटेल को 19 और भाजपा प्रत्याशी मनोरमा को छह वोट मिले। उमरैण पंचायत समिति में कुल 25 पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए। इनमें कांग्रेस के छह, भाजपा के सात तथा 12 निर्दलीय जीते। पंचायत समिति चुनाव में मंजू पटेल ने भाजपा के टिकट पर वार्ड 15 से चुनाव लड़ा। उन्होंने बसपा प्रत्याशी विनोद कुमार को हराया था। मंजू के साथ वार्ड 1 से भाजपा टिकट से जीत मुकेश सिंह भी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।