अलवर । राज्य सरकार की एक साल की विफलताओं और विकास कार्य अवरुद्ध करने के विरोध में कांग्रेस शनिवार काे काला दिवस मनाएगी। इसके तहत सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक होपसर्कस के समक्ष धरना दिया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी गई। यहां पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को जयपुर में जश्न मनाने के बजाय सरकार की विफलता को लेकर प्रदेश की जनता से क्षमा मांगनी चाहिए। क्योंकि सरकार ने एक साल संभागों में भ्रमणकर जनता को धोखा दिया है।
उन्होंने कहा कि देश में राजस्थान पहला राज्य है जहां किसानों को यूरिया थानों में बंट रहा है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों को शर्म करनी चाहिए। परेशान किसान ब्लैक में यूरिया खरीद रहे हैं। चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। किसानों को रिश्वत देकर ट्रांसफार्मर लगवाने पड़ रहे हैं।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वसुंधरा सरकार ने विकास की गति को रोक दिया है। अब कांग्रेस इसकी मॉनिटरिंग के लिए टीम गठित करेगी। जाे कांग्रेस शासन के निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट तैयार करेगी। इन मुद्दों को कांग्रेस के विधायक विधानसभा में उठाएंगे। राज्य के मेडिकल कॉलेज को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में समायोजित करने, विश्वविद्यालय एवं सैनिक स्कूल निर्माण पर रोक लगाने, दिल्ली-अलवर मेट्रो और चंबल से पानी लाने की योजना को बंद करने, ओवर ब्रिज के उद्घाटन में देरी सहित अनेक विकास कार्यों को रोक जनता के साथ धोखा किया है।
विधायक शकुंतला रावत ने कहा कि प्रदेश की मुख्यमंत्री महिला होने के बावजूद प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहा है। राजसमंद की घटना प्रदेश पर कलंक है। पूर्व विधायक टीकाराम जूली ने कहा कि जिले में भाजपा सरकार ने विकास कार्य चौपट कर दिए हैं और जनता के पैसे से जयपुर में जश्न मना रही है। चंबल से पानी लाने के लिए फिजिबिलिटी सर्वे होने के बाद रोक लगा दी गई, जो जनता पर कुठाराघात है। अस्पतालों में रोगियों को दवा नहीं मिल रही हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अशोक दीक्षित, प्रदेश महासचिव अशोक सैनी, प्रदेश सचिव अजीत यादव, देवस्थान ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष कृष्णमुरारी गंगावत, पूर्व विधायक राजेन्द्र गंडूरा आदि मौजूद थे।
युवाओं के रोजगार छीन रही है सरकार : पायलट
बहरोड़| राजकीय धर्मचन्द गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को छात्रसंघ कार्यालय के उद्घाटन समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सचिन पायलेट ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों आमजन के पैसों से वर्षगांठ को जश्न के साथ मना रही है। सरकार युवाओं के रोजगार को छीन रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के साथ कुठाराघात कर रही है।
राज्य सरकार की विफलताओं पर, होपसर्कस पर सुबह 11 बजे से धरना, पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने लगाए विकास कार्य को अवरुद्ध करने के आरोप ।
(प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह, विधायक शंकुतला रावत अन्य।)