- Hindi News
- बालश्रम रोकने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाएं अधिकारी : कलेक्टर
बालश्रम रोकने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाएं अधिकारी : कलेक्टर
अलवर | जिलाकलेक्टर एमपी स्वामी ने बाल कल्याण समिति को निर्देश दिए कि जिले में भिक्षावृति एवं बालश्रम की रोकथाम के लिये निरंतर रेस्क्यू अभियान चलाकर बालकों को मुक्त करवाकर पुनर्वास कराएं। कलेक्टर मंगलवार को समेकित बाल संरक्षण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आयोजित समीक्षात्मक बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किशोर न्याय बोर्ड में लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस द्वारा समय पर चालान पेश नहीं करने के कारण लंबित रहे प्रकरणों के संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक को समय पर चालान पेश करने के लिये पत्र लिखें। सीईओ को निर्देश दिए कि ब्लॉक एवं ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समितियों का गठन करवाएं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि किशोर गृह के बालकों की शिक्षा के लिए एक शिक्षक नियुक्त करें। बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक को राजकीय संप्रेषण एवं किशोर गृह में सुरक्षा गार्ड बढ़वाने के लिए निदेशालय को पत्र लिखकर स्वीकृति लेने की बात कही तथा संप्रेषण गृह के लिए भूमि आवंटन के लिए नगर विकास न्यास के सचिव से संपर्क करने और कार्रवाई शुरू कराने की बात कही।