अलवर. दीपावली से पहले शहर की सड़कें रोशन होंगी। मुख्य मार्गों पर दो हजार लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही शहर में
मोबाइल टावर लगाने की अनुमति फिलहाल नहीं मिलेगी। सभापति हर्षपाल कौर की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई नगर परिषद की प्रशासनिक समिति की बैठक में ये निर्णय लिए गए। आयुक्त अंजू ओमप्रकाश ने बताया कि बैठक में शहर में 2 हजार रोड लाइटें लगवाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
लाइटें दीपावली से पहले लगवाई जाएंगी। शहर में सीवरेज लाइन से कनेक्शन के लिए 500 रुपए की राशि तय की गई है। 200 रुपए वर्गगज के मकान से 20 रुपए प्रति महीने लेना तय हुआ। इससे अधिक क्षेत्रफल पर प्रति 100 वर्ग बढ़ने पर 10 रुपए प्रति महीने बढ़ता जाएगा। आवारा पशुओं को पकड़ने पर लगे शुल्क को बढ़ाने के साथ ही आयुर्वेदिक अस्पताल के साइकिल स्टैंड के लिए ठेका देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है।
बैठक में तय किया गया कि बीपीएल परिवार की श्रेणी में शामिल लोगों के मकानों पर लिखा जाएगा कि यह परिवार बीपीएल की श्रेणी में शामिल हैं, ताकि वास्तविक परिवारों की पहचान हो सके। पूर्व में बीपीएल का कार्ड बनवाने वालों में से कई परिवार अब इस दायरे से बाहर हो गए हैं। उन्हें इसकी सूचना देने के लिए दस दिन का समय दिया जाएगा। मोबाइल टावर शहर में नहीं लगाने के पूर्व बोर्ड बैठक के निर्णय को भी बरकरार रखा गया है।