अलवर । श्वेतांबर स्थानकवासी श्रमण संघ से जुड़े 30 जैन संतों और साध्वियों के दल का शुक्रवार को शहर में मंगल प्रवेश हुआ। इस दल में 8 संत और 22 साध्वियां हैं। इनके अलावा कई ब्रह्मचारी, वैरागी वैरागन आई हैं। श्रमण संघ के उपाध्याय प्रवर रविंद्र मुनि महाराज के सानिध्य में जैन संतों और साध्वियों का दल सम्मेलन में शामिल होने दिल्ली से इंदौर मध्यप्रदेश जा रहा है।
सुबह 8.45 बजे भगवान महावीर स्वामी के जयकारे के साथ जैन संतों और साध्वियों का दल जुलूस के साथ स्कीम नंबर दस स्थित जैन भवन से महावीर भवन के लिए रवाना हुआ। जुलूस में ओसवाल जैन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी और जैन समाज के गणमान्य नागरिक भी शामिल थे। जुलूस में शामिल समाज के गणमान्य नागरिक भगवान महावीर स्वामी की जय, जैन धर्म की जय, भगवान महावीर का संदेश जीओ और जीनो दो सहित अन्य जयकारे लगाते चल रहे थे। जैन संतों और साध्वियों के दल के महावीर भवन पहुंचने पर जैन समाज की ओर से अगुवानी की गई। महावीर भवन में आयोजित कार्यक्रम में श्रमण संघ के उपाध्याय प्रवर रविंद्र मुनि महाराज ने इंदौर में आयोजित होने वाले सम्मेलन के बारे में, जबकि वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के उपाध्यक्ष महेंद्र सचेती ने जैन संतों और उनके आगामी कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर राजेंद्र सुराणा साध्वी ने भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष अशोक पालावत, विजय जैन, वर्धमान स्थानकवासी जैन, श्रावक संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सुराणा आदि उपस्थित थे। जैन संतों और साध्वियों के शनिवार और 14 दिसंबर को सुबह बजे 9 बजे महावीर भवन में प्रवचन होंगे। 15 दिसंबर को जैन संतों और साध्वियों का दल इंदौर के लिए विहार करेगा।
सत्ता में आते ही गौ हत्या के समर्थक हो गए : श्रमण संघ के उपाध्याय प्रवर रविंद्र मुनि महाराज ने कहा कि गौ रक्षा की बात करने वाले सत्ता में आते ही गौ हत्या के समर्थक हो गए हैं। वे शुक्रवार को महावीर भवन में भास्कर से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गाय की मांस के लिए किसी भी प्रकार हत्या नहीं होनी चाहिए। नील गाय फसलों को नुकसान पहुंचाती है। उसकी हत्या करना ही एक मात्र उपाय नहीं है। राजस्थान सरकार द्वारा नील गाय की हत्या के लिए सरपंच को अधिकृत करना गलत है। नील गाय की प्रजनन क्षमता कम करने के उपाय करने चाहिए।
श्वेतांबर स्थानकवासी श्रमण संघ से संबंधित जैन संतों और साध्वियों का राष्ट्रीय सम्मेलन 20 से 29 मार्च तक मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में होगा। इसमें विभिन्न राज्यों के 600 जैन संत और साध्वी भाग लेंगी। श्रमण संघ के उपाध्याय प्रवर रविंद्र मुनि महाराज ने बताया कि सम्मेलन में संतों को आने वाली समस्याओं, अनुशासन, धर्म संघ और अपने से बड़ों के प्रति जिम्मेदारी तत्कालीन मुद्दों पर चर्चा होगी। 28 29 मार्च को सम्मेलन में देशभर के श्वेतांबर जैन समाज के करीब दो लाख लोग भाग लेने की संभावना है।
20 से 29 मार्च तक इंदौर में संतों का होगा राष्ट्रीय सम्मेलन ।
महावीर स्वामी के जयकारों के साथ जुलूस, आज कल होंगे महावीर भवन में प्रवचन ।
(अलवर. जुलूस के साथ जैन भवन से महावीर भवन जाता श्वेतांबर जैन संतों और साध्वियों का दल। )