जयपुर रैली में आज जाएंगे भाजपाई
अलवर| सरकारका एक साल पूरा होने पर शनिवार को जयपुर में हो रही रैली में भाग लेने जिले से बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता जाएंगे। जिलाध्यक्ष ने जिले से करीब पचास हजार कार्यकर्ताओं के जयपुर जाने का दावा किया है। जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के अनुसार, करीब पांच सौ बस और इतने ही निजी वाहनों से कार्यकर्ता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से सुबह सात बजे रवाना होंगे। जिलेभर के कार्यकर्ता एकसाथ रैलीस्थल पर सुबह 11 बजे पहुंचेंगे। इससे पहले शुक्रवार को जिलाध्यक्ष ने रैली की तैयारियों से जुड़े सदस्यों से चर्चा की तथा जिलेभर में काॅर्डिनेशन कर तैयारियों का जायजा लिया। दूसरी ओर, भाजपा के सभी 9 विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्र से रैली में जाने से पूर्व तैयारियों पर विमर्श किया।