- Hindi News
- 15 दिन में केस वापस नहीं लिए तो जेल भरो आंदोलन
15 दिन में केस वापस नहीं लिए तो जेल भरो आंदोलन
अलवर|शहर केभगत सिंह सर्किल एवं अग्रसेन सर्किल को जोड़ने वाले ओवरब्रिज को खोलने के मामले में जिला प्रशासन एवं पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामले वापस नहीं लिए और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई तो जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए पंद्रह दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। यह ऐलान रविवार को कांग्रेस की ओर से होटल इंद्रलोक में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक दीक्षित ने कहा कि काफी दिनों से निर्मित ओवरब्रिज को जनता ने खोला है, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तो सहयोग किया। कांग्रेस जनहित के हर मुद्दे पर जनता के साथ रहकर भाजपा से मुकाबले काे तैयार है। कांग्रेस प्रदेश सचिव अजीत यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज करने की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा और प्रशासन ने मिलकर गलत परंपरा की शुरूआत की है। लेकिन लोकतंत्र में तानाशाही नहीं चल सकती। पीसीसी सदस्य नरेन्द्र शर्मा ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज करना प्रशासन की ओर से भाजपा के दबाव में उठाया कदम है। जनता के साथ मिलकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अवरुद्ध मार्ग को खोला था। पुलिस की यह कार्रवाई गलत है।