- Hindi News
- अस्पतालों के निरीक्षण को लेकर विभाग अलर्ट
अस्पतालों के निरीक्षण को लेकर विभाग अलर्ट
अलवर| अस्पतालोंके निरीक्षण को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। शहर के अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के लिए जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर के ट्यूटर्स को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये चैकलिस्ट के अनुसार अस्पताल में कमियों चिन्हित उन्हें सुधरवाने के प्रयास करेंगे। निरीक्षण को लेकर बुधवार को राजीव गांधी अस्पताल में सफाई शुरू हो गई। पीएमओ डॉ. भगवान सहाय ने नर्सिंग ट्यूटर्स को जिम्मेदारी के आदेश जारी कर दिए हैं। ये नर्सिंग ट्यूटर्स राजीव गांधी, महिला एवं शिशु अस्पतालों सहित सभी डिस्पेंसरी में ओपीडी, इनडोर वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, एफबीएनसी, स्टोर, अस्पताल परिसर, जीएनएम टीसी सहित पूरे अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नर्सिंग ट्यूटर्स के साथ नर्सिंग स्टाफ को भी सहयोग के लिए लगाया गया है। ये चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की चैकलिस्ट के अनुसार सभी अस्पतालों का निरीक्षण कर कमियों को चिन्हित कर उन्हें दुरुस्त कराएंगे। पीएमओ का कहना है कि संयुक्त निदेशक के निरीक्षण से पूर्व व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में नर्सिंग ट्यूटर्स की भूमिका को अहम माना गया है। इसी कारण इन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षण से पूर्व बुधवार को राजीव गांधी अस्पताल में गैलरी सहित कई स्थानों की धुलाई की गई। वहीं नर्सिंग कर्मी एवं सफाई कर्मी गंदगी फैलाने वालों पर सख्त हो गए हैं। सीएमएचओ डॉ. आर के मीणा ने बताया कि जिलेभर में सीएचसी एवं पीएचसी में व्यवस्थाओं में सुधार के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। 24 दिसंबर तक सीएचसी का सीएमएचओ एवं पीएचसी का संबंधित बीसीएमओ निरीक्षण करेंगे।