बूथों पर फिर गफलत
अलवर|नगर परिषदचुनाव की मतदाता सूचियों की गफलत ने दूसरे दिन भी लोगों को परेशान किया। कहीं बूथ पर ताला लटका मिला तो कहीं बूथों की सूचियां ही बदल गई।
रंजीत नगर के समीप महावर बालिका विद्यालय बूथ पर सुबह पहुंचे वार्ड 31 के लोगों को ताला लटका मिला। अधिकारियों को इसकी सूचना देने पर दूसरे स्कूल में दोपहर 12.30 बजे बीएलओ को बिठाया गया। इसके बाद ही मतदाता सूची देख पाए। बीएलओ जोहरा ने बताया कि वह समय पर बूथ पहुंच गई थी, लेकिन स्कूल पर ताला लगा था। ऐसे ही हालात कुछ अन्य बूथों के भी थे। वार्ड नं 31 के बूथ राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, एनईबी विस्तार में मतदाताओं की फाइल ही बदल गई। यहां तिजारा रोड के आसपास के क्षेत्र की फाइल गई। गणपति विहार में भी ऐसा ही हुआ। वहां पर एनईबी एक्सटेंशन तूलेड़ा रोड की मतदाता सूची गई। ऐसे में वोटर लिस्ट में अपना नाम जांचने के लिए ही क्षेत्र के मतदाताओं को इधर से उधर और उधर से इधर आना-जाना पड़ा।
पार्षद बाेले- प्रशासन को देखना चाहिए स्थिति क्या है?
वार्ड31 के पार्षद सतीश यादव ने बताया कि प्रशासन को केंद्र बनाते समय यह ध्यान रखना चाहिए था कि बूथ की स्थिति क्या है। दूसरे एक वार्ड की वोटर लिस्ट दूसरे क्षेत्र में कैसे पहुंच गई, इसकी भी जानकारी की जानी चाहिए।
वार्ड30 से मयूर विहार गायब
वार्ड30 की पार्षद एवं पूर्व सभापति कमलेश सैनी ने बताया कि उनके क्षेत्र में मयूर विहार से सभी मतदाताओं के नाम गायब हैं। सोनावा की डूंगरी के भी अनेक मतदाताओं के नाम गायब हैं। वार्ड 50 की पार्षद पूर्व सभापति सुनीता खांबरा ने बताया कि उनके वार्ड के मतदाताओं को दूसरे वार्डों में शामिल कर दिया गया है।
आजदेख सकेंगे मतदाता सूची का प्रारूप
एसडीएमराजेश गोयल ने बताया कि मतदान बूथों पर सोमवार को भी मतदाता सूची देख सकेंगे। मतदाता सूची में अधिकांश रूप से वार्ड बदलने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।
अलवर। रनजीत नगर के पास सेंट जेडी स्कूल में मतदाता सूची का प्रारूप देखते मतदाता। यहां बूथ नहीं था। बूथ जहां था वहां स्कूल बंद होने के कारण ताला लगा था।