संप्रेषण गृह से पांच बाल अपचारी फरार
सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं है बाल संप्रेषण गृह
मौजूदाभवन निर्माण के समय कामकाजी महिलाओं के छात्रावास के लिए तैयार किया गया था। बाद में इसे संप्रेषण गृह के रूप में काम में लिया जाने लगा। भवन सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता है। विभाग की ओर से नए आवासीय कक्ष बनवाने और नए भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग कई बार की जा चुकी है। लेकिन यूआईटी ने शहर में दो बीघा जमीन उपलब्ध कराने असमर्थता जताई है। बाल संप्रेषण गृह में करीब 20 से 24 बालअपचारी आमतौर पर रहते हैं। इसमें कई की उम्र 15 से 17 साल है। बाल अपचारियों काे नियंत्रित रखने के लिए एक शिफ्ट में एक ही गार्ड की व्यवस्था है। विभाग की ओर से प्रत्येक पारी में तीन-तीन गार्डों की मांग की गई है।
6 माह में दस फरार
हसनखां मेवात नगर स्थित बाल संप्रेषण गृह से छह माह में अब तक दस बाल अपचारी फरार हुए हैं। 6 मार्च को पांच अपचारियों ने भागने का असफल प्रयास किया था, जिनको समय रहते पकड़ लिया गया। इसके बाद एक अप्रैल को दो बाल अपचारी फरार हो गए। इसके बाद 6 अप्रैल को दो अन्य बालअपचारी गार्ड पर हमला करके चाभी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। जुलाई माह में भी एक बाल अपचारी गार्ड का चकमा देकर फरार को गया। बीती रात भी पांच बालअपचारी फरार हो गए।
भास्कर न्यूज. अलवर
हसन खां मेवात नगर स्थित बाल संप्रेषण गृह से बीती रात पांच बालअपचारी बाथरूम की दीवार तोड़कर फरार हो गए। इस संबंध में बाल संप्रेषण गृह प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि पांच बाल अपचारी बाथरूम की दीवार तोड़कर फरार हो गए। फरार हुए बाल अपचारियों ने चारपाई के पाये और मटका स्टैंड से दीवार तोड़ी। शिवाजी पार्क थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में संप्रेषण गृह प्रबंधन की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाल अपचारियों की तलाश की जा रही है।