अलवर। शहर के लोग एक ओर पानी की समस्या से जूझ रहे है तो दूसरी ओर जलदाय कर्मियों की लापरवाही के कारण हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। बैंक कालोनी में शनिवार को पेयजल टंकी से एक घंटे तक पानी व्यर्थ बहता रहा। इससे गलियाें में पानी ही पानी फैल गया। शिकायत पर पहुंचे अभियंता के सामने मोहल्ले की महिलाओं ने रोष जताया। राइजिंग लाइनों के माध्यम से बैंक कालोनी की जमीनी टंकी ओवर हैंड टंकी को भरने के लिए अंबेडकर नगर फीडर से सुबह पानी रहा था।
ये टंकियां भरने के बाद मनु मार्ग मनु मार्ग हाउसिंग बोर्ड की टंकियों को भरने के लिए लाइन खोली जानी थी। कर्मचारी नहीं होने से बैंक कालोनी की दोनों टंकियां तो भर गई, लेकिन मनु मार्ग में पानी भेजने के लिए वाल्व नहीं खोला जा सका। इससे फीडरों पर पम्प चलते रहे और बैंक कॉलोनी की टंकियाें से ओवरफ्लो पानी सड़कों और नालियों में बहने लगा। लोगों ने टंकी से बहते पानी में नहाने का भी आनंद उठाया। करीब एक घंटे तक बहे पानी से बैंक काॅलोनी की गलियों में पानी ही पानी हो गया।
सूचना पर सहायक अभियंता अशोक मीणा पहुंचे। उन्होंने मनुमार्ग का वाॅल्व खुलवाकर पानी का बहाव बंद कराया। इसी बीच कॉलोनी के लोग भी शिकायत करने पहुंच गए। मौके पर कर्मचारी गोविंद सिंह ड्यूटी से नदारद था। मीणा ने संबंधित जेईएन को मामले की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से पानी राइजिंग लाइन से टंकियों में भरा जाता है। शनिवार को कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद नहीं था, इसलिए ओवरफ्लो हुआ। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अंबेडकरनगर में शनिवार शाम का राइजिंग लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण रविवार को बैंक काॅलोनी, मनु मार्ग, मनुमार्ग हाउसिंग बोर्ड में पानी की सप्लाई कम समय के लिए की जाएगी।
टंकी से आए दिन होता है ओवरफ्लो : बैंक कालोनी के भरत सिंह ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन टंकी से पानी का ओवरफ्लो होता है। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ था।
अलवर. बैंक कॉलोनी स्थित जलदाय विभाग पानी की टंकी भरने के बाद ओवरफ्लो से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहता रहा और कॉलोनी की सड़कों पर भर गया।