चोरों ने फिर वरना कार को बनाया निशाना
अलवर | शहरके स्कीम नं. दाे के एक मकान से चोर शनिवार रात एक वरना कार चुरा ले गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शहर के पाश इलाके स्कीम दो के मकान नं. 375 के मैनगेट का ताला तोड़कर चोरों ने वारदात का अंजाम दिया। कार मालिक हरमीत सिंह के भाई अवतार सिंह ने बताया कि शनिवार रात वे कार से घर आए। सुबह करीब छह बजे देखा तो मैनगेट का ताला टूटा था कार गायब थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। हरमीत सिंह ने बताया कि घर में निसान टेरेेनो और स्विफ्ट भी खड़ी थी। उन्हें चोरों ने नहीं छेड़ा। कोतवाली थाना प्रभारी गणपत राम ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एमएलएकी गाड़ी का सुराग नहीं
पिछलेमाह भी शहर से दो वरना कारें चोरी हो चुकी हैं। शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के गणपति विहार से सात अगस्त को किशनगढ़बास विधायक रामहेत यादव के घर से चोरी हुई वरना कार का अब तक कोई सुराग पुलिस को हाथ नहीं लगा है। इसी थाना क्षेत्र से 14 अगस्त को चोरी हुई एक और वरना कार पुलिस जब्त कर चुकी है। चोरी हुई तीनों ही गाड़ियां 2009 से पहले का माडल हैं। जब्त हुई गाड़ी के मालिक कुलदीप ने बताया कि 2009 से पहले के मॉडल सुरक्षा के लिहाज से ज्यादा अपडेट नहीं है।