पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन

राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अलवर. पुरस्कारों के साथ तीसरे स्थान पर रही अलवर की टीम।

अलवर|59वीं राज्यस्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा हॉकी प्रतियोगिता का समापन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खुदनपुरी में हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि अजय ग्रुप के निदेशक अतुल सिंह थे और विशिष्ट अतिथि डीईओ सरदार मल यादव हॉकी कोच एस.एस. प्रभाकर थे। अध्यक्षता नगर परिषद सभापति हर्षपाल कौर ने की। इस अवसर पर बालिकाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अतिथियों ने सभी विजेताओं खिलाडिय़ों को शुभकामना देते हुए ऊर्जा बनाए रखने की अपील की। साथ ही जो प्रतियोगी विजयी नहीं हो सके उन्हें हार से निराश होकर सबक लेते हुए जीत के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। डीईओ सरदार मल यादव ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि छात्र वर्ग में 21 टीम जिसमें 323 प्रतियोगियों ने तथा छात्रा वर्ग में 14 टीम 220 प्रतियोगियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर छात्र वर्ग में श्रीगंगानगर के राजकुमार को एवं छात्रा वर्ग में अलवर की कुमारी सारिका वर्मा को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। राजकुमार ने पूरी प्रतियोगिता में 15 गोल किए, जबकि सारिका वर्मा ने 27 गोल किए। अतिथियों ने सभी खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक बाला प्रसाद सैनी का विभाग की ओर से साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक रत्ती राम जाटव, मुख्य निर्णायक श्याम सिंह, बीएल पब्लिक स्कूल प्रिंसिपल सुमन बिल्खा , अशोक आहूजा, राजाराम सोनी सहित कई शिक्षाविद् मौजूद रहे। संचालन दिनेश शर्मा, प्रदीप पंचोली चंचल कुमार शर्मा ने किया।

इनकोमिले पुरस्कार

छात्रावर्ग में विजेता का पुरस्कार भीलवाड़ा, उपविजेता गंगानगर तीसरे स्थान पर अलवर को और छात्र वर्ग में सादुल स्पोटर्स बीकानेर को विजेता, गंगानगर उपविजेता और तीसरे स्थान पर अजमेर की टीम को पुरस्कार दिया गया। छात्रा वर्ग में भीलवाड़ा ने लगातार तीसरी बार पुरस्कार जीता।