नारनौल रोहतक ने जीते मैच
अलवर. अरावलीक्रिकेट क्लब की ओर से इंदिरा गांधी स्टेडियम में चल रही टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को हुए मैचों में नारनौल राेहतक ने अपने मैच जीत लिए।
पहले मैच में नारनौल ने बल्लेबाजी करते हुए सिरसा की टीम के समक्ष 147 रन का लक्ष्य रखा। इसमें जैकी ने 37 विकास के 34 रनों की सहायता से 142 रन बनाए। सिरसा के गेंदबाज राहुल ने तीन विकेट लिए। इसके जवाब में खेलते हुए सिरसा की टीम 95 रन ही बना सकी। नारनौल की टीम 47 रनों से मैच जीत गई। नारनौल के विकास ने सिरसा के तीन विकेट भी चटकाए। उन्हें मैन आॅफ मैच चुना गया। दूसरे मैच में रोहतक ने अलवर के कोल्ड स्टील क्लब काे नौ विकेट से हराया। कोल्ड स्टील क्लब ने पहले खेलते हुए शशांक के 44 रनों की मदद से 103 रन बनाए। रोहतक के अंकित ने शानदार 51 रन बनाकर अपनी टीम को नौ विकेट से जीत दिलाई। अंकित मैन आॅफ मैच रहे।
सचिव रोहिताश राठौड़ ने बताया कि रविवार को पहला मैच रोहतक नारनौल के बीच तथा दूसरा मैच लार्ड्स क्लब आगरा के बीच खेला जाएगा।