पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डेढ़ घंटे में दो महिलाओं से छीनी चेन

डेढ़ घंटे में दो महिलाओं से छीनी चेन

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अलवर। शहर में मंगलवार दोपहर डेढ़ घंटे के भीतर दो जगह चेन स्नेचिंग की वारदात हुई। दोनों जगह महिलाओं को अकेला देखकर निशाना बनाया गया। बाइक पर आए नकाबपोश लुटेरे चेन छीनते ही फरार हो गए। पुलिस को उनका कोई सुराग नहीं लगा है।

पहली वारदात दोपहर साढ़े तीन बजे एनईबी थाने के पीछे हुई। एनईबी निवासी आशा गुप्ता घर से पैदल बच्चे को लेने बस स्टॉप जा रही थी। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश बाइक पर आए और उसके गले से सोने की चेन खींचकर ले गए। आशा ने खुद की स्थिति संभलने के बाद शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश बाइक को तेज गति से भगा ले गए। आशा गुप्ता के पति संजय उर्फ नंदलाल गुप्ता ने इस मामले की रिपोर्ट एनईबी थाने में देकर बताया कि बाइक सवार एक बदमाश लाल टी-शर्ट पहने हुआ था।

चेन छीनने की दूसरी घटना शाम 5 बजे शिवाजीपार्क इलाके में बहरोड़ मार्ग पर हुई। राठ नगर निवासी एक महिला स्कूटी से घर जा रही थी। इस दौरान दो बदमाशों ने उसके पीछे बाइक लगा दी और उसके गले से सोने की चेन छीन ले गए। महिला बड़ी मुश्किल से अपने आप को संभाल पाई। पीड़िता के बेटे रविंद्रसिंह ने इस आशय की रिपोर्ट शिवाजी पार्क थाने में दर्ज कराई है। पुलिस दोनों मामले में बदमाशों की तलाश कर रही है।

एनईबी थाने के पास दे गए वारदात को अंजाम

शहर में महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले भी बदमाशों ने ऐसी कई वारदात की हैं। मंगलवार को बदमाश पुलिस से इतने बेखौफ दिखे कि वे एनईबी थाने के बिल्कुल पास से चेन स्नेचिंग की वारदात कर फरार हो गए। मंगलवार को दोनों वारदात से ऐसा लगा कि घटना को अंजाम देने से पहले उन्होंने महिलाओं के आने-जाने के समय लेकर अच्छी तरह रैकी की थी।