67 दिन बाद काम पर लौटे वकील
खुला न्याय का रास्ता
अलवर. हडताल समाप्त होने बाद वकीलों से राय लेते पक्षकार।
भास्कर न्यूज | अलवर
हड़तालखत्म होने के साथ वकील सोमवार को काम पर लौट आए। ऐसे में 67 दिन बाद अदालत में चहल-पहल नजर आई। जिला एवं सेशन न्यायाधीश कैलाश चन्द्र शर्मा ने वकीलों के काम पर लौटाने पर प्रसन्नता जताई और वकीलों के इस फैसले को पक्षकारों के हित में बताया।
उन्होंने कहा कि अदालती प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए बार बैंच के बीच आपसी तालमेल का होना जरूरी है। बार अध्यक्ष अनिल वशिष्ठ ने बताया कि सोमवार को वकीलों की ओर से अदालत में उपस्थित होकर मामलों में पैरवी शुरू कर दी गई है। कचहरी परिसर में रोजाना काम कर रोजी रोटी कमाने वाले चाय विक्रेता अनिल जैन की खुशी का ठिकाना नहीं था। अनिल ने बताया कि हड़ताल के दौरान चाय बेचने से 50 से 100 रुपए ही आमदनी हो पा रही थी। सोमवार को दोपहर तक आंकड़ा 300 रुपए के पार पहुंच गया। टाइपिस्ट बृजेश गुप्ता स्टांप विक्रेता कमल कांत गुप्ता का कहना था कि 67 दिन की हड़ताल समाप्त होने से राहत मिली है। अधिवक्ता श्योराम सिंह नरूका ने बताया कि अधिकाशंतः शहरी क्षेत्र आस पास रहने वाले पक्षकार ही जागरूकता के चलते सोमवार को अदालतों में उपस्थित हुए। दूर दराज से आने वाले पक्षकार वकीलों से जानकारी प्राप्त करने के बाद ही तारीख पेशी पर हाजिर हों पाएंगे।