गाड़िया लुहारों का अतिक्रमण हटाया
यातायातमें बाधक बन रही गाड़िया लुहारों की बस्ती को अग्रसेन सर्किल से हटाने के लिए यूआईटी ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को सड़क किनारे दस फुट तक का अतिक्रमण हटाया गया। बस्ती के लोगों ने दो दिन में पूरी बस्ती हटाने का आश्वासन दिया है, इस पर उन्हें समय दिया गया है।
दोपहर करीब 3.15 बजे यूआईटी के अतिक्रमण निरोधक दल ने गाड़िया लुहारों की बस्ती को हटाने की कार्रवाई शुरू की। न्यास के दल को देखकर गाड़िया लुहारों ने खुद अपने सामान हटाने शुरू कर दिए। इसके बाद कुछ लोग अतिक्रमण निरोधक अधिकारी के पास पहुंचे और दो दिन में खुद ही अतिक्रमण हटाने का भरोसा दिया। इसके बाद न्यास के दल ने सड़क से दस फुट तक अतिक्रमण हटाया और बस्ती के लोगों को दो दिन में खुद अतिक्रमण हटाने का समय दिया।
अतिक्रमण निरोधक अधिकारी सोहनसिंह नरूका ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होने पर गाड़िया लुहार खुद ही सहयोग करने लगे। बस्ती के लोगों ने कहा कि छोटे बच्चों को सर्दी के मौसम में यहां से जहां भी ले जाएंगे, वहां तंबू लगाने में दो दिन का समय लगेगा। इसलिए दो दिन की मोहलत दी गई है। बुधवार को भी यूआईटी का दल वहां की जांच करेगा। गुरुवार तक अतिक्रमण नहीं हटा तो यूआईटी कार्रवाई करेगी।
अलवर. अग्रसेन सर्किल के पास अतिक्रमण हटाती यूआईटी की जेसीबी।