अलवर-अजबगढ़ बस शुरू करने के निर्देश
जिलेके प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले के मंत्री हेमसिंह भडाना ने गुरुवार को डीआरडीए में आयोजित बैठक में रोडवेज के मत्स्य नगर आगार के मुख्य प्रबंधक को ग्रामीणों की सुविधा के लिए अजबगढ़ की बस शुरू करने के निर्देश दिए।
मत्स्य नगर आगार के मुख्य प्रबंधक कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि रोडवेज मुख्यालय के आदेशानुसार 15 रुपए की जगह 13 रुपए प्रति किलोमीटर आय आने के कारण इसी माह के पहले सप्ताह में अजबगढ़ के लिए बस सेवा बंद की गई है। रोजाना शाम 4.30 बजे अजबगढ़ बस जाती थी और शाम 6.30 बजे वापस अलवर के लिए रवाना होती थी। मंत्री हेमसिंह भडाना के निर्देश पर अजबगढ़ के लिए फिर से रोडवेज बस शुरू करने के लिए सीएमडी भास्कर सावंत को पत्र लिखा है। मुख्यालय से आदेश आने पर अजबगढ़ के लिए बस शुरू कर दी जाएगी।