अलवर। राजकीय बाबू शोभाराम कला कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष चेतन मीणा ने 8-10 साथियों के साथ मिलकर गुरुवार शाम मोती डूंगरी स्थित पार्क से युवक माेनू उर्फ दिलीप तंवर का अपहरण कर लिया। अपहृत युवक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने नाकाबंदी कराई। इस पर अपहर्ता एक गाड़ी मोनू को मीनापाड़ी मोहल्ले में छोड़ गए। पुलिस ने उसे वहां से बरामद कर लिया है।
रात को छात्रसंघ अध्यक्ष के घर जांच करने पहुंची पुलिस पर परिजनों ने पथराव किया। पुलिस ने इस पूरे मामले में सात-आठ जनों के खिलाफ अपहरण मारपीट का मामला दर्ज करने के साथ ही चेतन की मां-बहन भाई को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है युवक का अपहरण जिला प्रमुख चुनाव के दौरान इनके बीच हुए विवाद के कारण किया गया।
अरावली विहार के एसआई भग्गाराम ने बताया कि काला कुआं निवासी मोनू उर्फ दिलीप सिंह पुत्र हितेंद्र तंवर शाम सात बजे मोती डूंगरी स्थित पार्क में चाय पी रहा था। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष चेतन मीणा,ललित मीणा, नरेंद्र, गोपाल, नवीन, संजय भोला पंडित सहित 8-10 जने तीन गाड़ियों में वहां पहुंचे। उन्होंने मोनू के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे उठाकर ले गए। मोनू के भाई प्रबल कुमार ने इस संबंध में रिपोर्ट दी।
इस पर सक्रिय हुई पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। नाकाबंदी को देख आरोपी एक जीप सहित मोनू को मीनापाड़ी में छोड़ गए। कोतवाली पुलिस ने उसे वहां से बरामद कर लिया। चेतन मीणा को पकड़ने पुलिस रात को उसके घर वंडर हाउस मालवीय नगर पहुंची तो वहां परिजनों ने पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में अलवर दक्षिण सीओ हिमांशु शर्मा की गाड़ी का शीशा टूट गया। इस पर पुलिस ने चेतन की मां रामपति, बहन पूजा भाई अमित मीणा को हिरासत में ले लिया। देर रात चेतन के परिजन रिश्तेदार अरावली विहार थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने किसी को अंदर नहीं जाने दिया। पुलिस की टीमें देर रात अपहरण के आरोपियों की तलाश में जुटी रही, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।