- Hindi News
- अलवर सहित पांच जिले अब नए विश्वविद्यालयों के अधीन
अलवर सहित पांच जिले अब नए विश्वविद्यालयों के अधीन
प्रदेशमें अलवर, सीकर और भरतपुर में नवगठित तीन विश्वविद्यालयों के क्षेत्राधिकार का निर्धारण कर दिया गया है। गुरुवार को शिक्षा संकुल में इस मामले को लेकर बैठक आयोजित हुई। इसमें राजस्थान विश्वविद्यालय से क्षेत्राधिकार में आने वाले 5 जिलों को नए विश्वविद्यालयों के क्षेत्राधिकार के अधीन किया गया। अब राजस्थान विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार में केवल दो जिले जयपुर और दौसा ही बचेंगे। उच्च शिक्षामंत्री कालीचरण सराफ ने बताया कि अलवर के राजऋषि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार में अलवर जिले के सभी राजकीय एवं निजी महाविद्यालय आएंगे। शेष| पेज 4
इसीप्रकार सीकर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, शेखावटी के क्षेत्राधिकार में सीकर और झुंझुनूं जिले के तथा भरतपुर स्थित महाराजा सूरजमल विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार में भरतपुर और धौलपुर जिले के सभी राजकीय और निजी महाविद्यालय होंगे। सराफ ने बताया कि इन सभी विश्वविद्यालयों को भूमि का आवंटन हो चुका है और जल्दी ही इनके भवन निर्माण का कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2015-16 से इन सभी विश्वविद्यालयों में चरणबद्ध परीक्षाएं भी प्रारंभ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इन विश्वविद्यालयों के संचालन में राज्य सरकार किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं आने देगी।