अलवर. जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले मंत्री हेमसिंह भडाना ने गुरुवार को डीआरडीए सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। भड़ाना ने जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता आरके सिंह को जले हुए कृषि एवं घरेलू ट्रांसफार्मरों को बदलने के निर्देश देते हुए कहा कि चोरी हुए ट्रांसफार्मरों की रिपोर्ट दर्ज कराई जाए।
गोलाका बास क्षेत्र में दौसा से रही बिजली सप्लाई को नियमित करने के लिए दौसा के एसई से बात करने को कहा। जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता शिवसिंह को निर्देश दिए कि अवैध रूप से सार्वजनिक सिंगल फेस बोरिंग उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए।
मंत्री ने जिला परिषद सीईओ राजेंद्र सिंह राठौड़ को निर्देश दिए कि विकास अधिकारियों को पाबंद कर पंचायतों के जरिए राशन कार्ड बंटवाएं। सार्वजनिक निर्माण विभाग के एसई को निर्देश दिए कि मिसिंग लिंक देवनारायण योजना के तहत बनी सड़कें गारंटी अवधि में क्षतिग्रस्त होने पर संबंधित ठेकेदार से ठीक कराई जाएं।
वन क्षेत्र में राजस्व गांव गढ़ राजौर तथा उससे बाहर कुण्डला रायपुर में सड़क बनवाने के लिए वन विभाग से अनुमति ली जाए। भडाना ने सीएमएचओ को स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने आवश्यक दवाओं का स्टॉक रखने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों से मुख्यालय या शहरी क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त डॉक्टरों तथा नर्सिंगकर्मियों को उनके मूल स्थान पर भेजा जाए।
छात्रवृत्तियोंके लंबित मामले 31 तक निबटाने के निर्देश : सामाजिकन्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक को गत वर्ष की लंबित छात्रवृत्तियों का 31 दिसंबर तक निबटारा करने को कहा। अधिकारी छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करें।
नगर विकास न्यास के सचिव को यूआईटी क्षेत्र में रोडलाइट ठीक करवाने तथा पार्कों के सौन्दर्यीकरण करवाने को कहा। जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब, डोडा-पोस्त बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर परिषद आयुक्त को शहर में नियमित सफाई संबंधी निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के एसई को मनरेगा के माध्यम से मंगलांसर अन्य बांधों की नहरों को पक्का कराने के निर्देश दिए।