कांग्रेस पार्षदों ने पटाखे चलाकर मनाई खुशी, परिषद आयुक्त को दिया ज्ञापन
कांग्रेसीपार्षदों ने बुधवार को नगर परिषद में पटाखे चलाकर हाईकोर्ट द्वारा सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया से रोक हटाने की खुशी मनाई। शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग लेकर नगर परिषद आयुक्त वीरेंद्र वर्मा को ज्ञापन दिया। नगर परिषद में प्रतिपक्ष के नेता कांग्रेस पार्षद नरेंद्र मीणा ने बताया कि हाईकोर्ट ने 9 फरवरी को सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पर लगी रोक को हटा दी है। कांग्रेस के शासन में 2012 में निकाली गई सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली और मनमानी को जिम्मेदार माना है। राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं कि आगामी 6 महीने में भर्ती प्रक्रिया पूरी कर अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्षदों ने हाईकोर्ट द्वारा सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया से रोक हटाने की खुशी मानते हुए नगर परिषद गेट पर पटाखे चलाए। भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने की मांग को लेकर नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन दिया है। इस मौके पर सुनील पाटोदिया, दीनबंधु शर्मा, महेंद्र सैनी, नगर परिषद की पूर्व सभापति कमलेश सैनी, पार्षद नारायण साईंवाल, कपिलराज शर्मा, रामोतार कोली, राकेश सैनी, निरंजन लाल सैनी, राहुल खान, गौरीशंकर विजय, रमन सैनी, सरजीत खान, ओमप्रकाश सोनी, केपी शर्मा, शिंभू नागर, विजय सैनी, मुकेश सैनी विमला उपस्थित थी।
नगर परिषद में पटाखे चलाते हुए कांग्रेस के पार्षद कार्यकर्ता।