1530 दौड़े, 18 का चयन
अलवर. दौड़ प्रतियोगिता में चयन के लिए दौड़ते एथलीट।
अलवर. नेशनलयुवा को-ऑपरेटिव सोसायटी तथा गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से शनिवार सुबह राजर्षि कॉलेज मैदान में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में जिलेभर से आए 1530 एथलीट शरीक हुए। इनमें से 18 का चयन राज्यस्तरीय प्रक्रिया में भाग लेने के लिए किया गया। चयनित एथलीटों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। चयनकर्ताओं का कहना है कि एक एथलीट राज मीणा ने 800 मीटर की दौड़ 2 मिनट 4 सेकंड में पूरी की। भारत की ओर से ओलिंपिक में भाग लेने वाले एथलीट श्रीराम सिंह ने यह दौड़ 1 मिनट 45 सेकंड में पूरी कर नेशनल रिकाॅर्ड बना रखा है। इसे देखते हुए अलवर में एथलेटिक्स का भविष्य अच्छा नजर आता है। सुबह 8 बजे शुरू हुई प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक बनवारी लाल सिंघल ने किया। अध्यक्षता राजर्षि कॉलेज के खेल विभाग के अधिकारी डॉ. गंगाश्याम गुर्जर ने की। प्रतियोगिता में 100, 200 800 मीटर दौड़़ हुई। इनमें 11 से 14 वर्ष आयुवर्ग में 200 मीटर दौड़ में महिमा चौधरी, प्रीति यादव, बिंदिया चौधरी, हर्षिता चौधरी खुशी शर्मा, 100 मीटर दौड़ में नवीन कुमार, अयान खां, मोहम्मद यासीन, मनीष मीणा, यासिन खां, मोहित खां छवि चौधरी और 15 से 17 वर्ष में 800 मीटर दौड़ में प्रदीप सैनी, राज मीणा, लोकेश चौधरी, इमरान खां, आरिफ तथा यश यादव का चयन हुआ है। प्रतियोगिता समन्वयक राकेश सेठी ने बताया कि चयनित इन 18 एथलीटों में से कुछ ने 100 मीटर 200 मीटर दोनों में ही प्रशिक्षण के लिए स्थान बनाया है। कुल 24 इवेंट्स के लिए 18 एथलीट चयनित किए गए हैं। इनको राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता के लिए 27 28 फरवरी को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम ले जाया जाएगा। वहां से चयन होने पर राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रतियोगिता में ले जाया जाएगा। समापन समारोह में एथलेटिक्स कोच सबल प्रताप सिंह ने भविष्य में एथलेटिक्स में अच्छी संभावना जताई। युवा को-ऑपरेटिव के प्रदेश संयोजक मनोज शर्मा मयंक पांचाल, एंजिल मेडल के अलंकृत सेंगर तथा खेल प्रशिक्षक कैप्टन उमराव सैनी मौजूद रहे। पांच जिलों में अलवर में सबसे अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।