अलवर। 15 ट्यूबवेल वाला नया बुर्जा पंप हाउस मार्च में शुरू हो जाएगा। इससे शहर को 80 लाख लीटर पानी अतिरिक्त मिलेगा। आधे से अधिक शहर में पानी की सप्लाई सामान्य हो जाएगी। शहर में अभी पानी की सप्लाई 340 लाख लीटर है, जो बढ़कर 420 लाख लीटर हो जाएगी।
नए पंप हाउस का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। जयसमंद के समीप सभी 15 ट्यूबवेल लगा दिए गए हैं। पंप हाउस बनाया गया है। इसके साथ ही जमीनी स्वच्छ जलाशय का निर्माण का काम पूरा हो चुका है। राइजिंग लाइन का काम चल रहा है। कुल 6.4 किलोमीटर की राइजिंग लाइन में से 4.5 किलोमीटर तक की राइजिंग लाइन डाली जा चुकी है। यह लाइन कटी घाटी के समीप तक डाली जा चुकी है। कटी घाटी से मालवीय नगर पंप हाउस तक की 1.9 किलोमीटर की राइजिंग लाइन और डाली जानी शेष है। इस योजना पर 4.89 करोड़ रुपए की लागत रही है।
क्या होगा फायदा
नए पंप हाउस के काम शुरू होने के बाद शहर में प्रतिदिन एक व्यक्ति को 20 लीटर अधिक पानी मिल सकेगा। अभी 4 लाख की आबादी वाले शहर में औसतन 85 लीटर पानी एक व्यक्ति के हिस्से रहा है। नया पंप शुरू होने से एक व्यक्ति को प्रतिदिन 105 लीटर पानी मिल सकेगा। इससे पानी की समस्या से कुछ राहत मिलेगी।
इन कॉलोनियों की टंकियों में पहुंचेगा पानी
बुर्जा से आने वाला पानी बैंक काॅलोनी, मनुमार्ग, मालवीय नगर, स्कीम एक, दो, तीन चार, आठ, तेज मंडी, जनाना अस्पताल, मुंशी बाग मंशा माता मंदिर की पानी की टंकियों में पहुंचेगा। ये सभी टंकियां आधे से अधिक शहर में पानी की सप्लाई करती हैं। इन टंकियों से जुड़े क्षेत्र में पानी की समस्या का निदान होगा। इसके साथ ही अंबेडकर नगर, तूलेड़ा भाखेड़ा विजय मंदिर से आने वाला पानी से अन्य क्षेत्रों की टंकियों को पूरा पानी मिल सकेगा।
इन क्षेत्रों को फायदा
शहर के मालवीय नगर, गांधी नगर, अलकापुरी, बैंक कॉलोनी, फ्रेंड्स कॉॅलोनी, संजय नगर, इंदिरा काॅलोनी, पुराना स्टेशन रोड, मोदियों की बावड़ी, श्योलालपुरा, खदाना, मरेठिया बास, जत्ती की बगीची, केडलगंज, दारुकूटा, स्कीम एक आर्य नगर, मेहताब सिंह का नौहरा, तीजकी रोड, स्कीम दो लाजपत नगर, जुबली बास, लखंडा वाला कुआं, मुंशीबाग, बीच का मोहल्ला, मुंशी बाजार, कोठी दशहरा, हजूरी गेट, सागर ऊपर, बसंत विहार, फैमिली लाइन, काला कुआं, मनु मार्ग, खोहरा, नंगली मोहल्ला, स्कीम चार, स्वर्ग रोड, चावंड पाड़ी सहित अन्य कई क्षेत्रों में पानी की समस्या से राहत मिलेगी।
क्या कहते हैं एक्सईएन
^मार्च महीने में बुर्जा पंप हाउस से पानी की सप्लाई मालवीय नगर पंप हाउस तक पहुंचना शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही शहर में पानी की प्रतिदिन की उपलब्धता में 80 लाख लीटर की बढ़ोतरी होगी। इसी के साथ शहर में पानी की समस्या से राहत मिलेगी। आधे से अधिक शहर को नए पंप हाउस से लाभ मिलेगा। विनयअग्रवाल, एक्सईएन, जलदाय विभाग, अलवर।